Delhi News: राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में सड़क कनेक्टिविटी बेहतर बनाने के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी सौगात दी है. केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने दिल्ली-आगरा कॉरिडोर पर 1,123.56 करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाओं को मंजूरी दी है. इसके अलावा पश्चिमी दिल्ली में 359.63 करोड़ रुपये की लागत से सड़क विकास परियोजना को भी स्वीकृति मिली है. इन परियोजनाओं से दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के यात्रियों को जाम से राहत मिलने के साथ सफर आसान होने की उम्मीद है.
दिल्ली-आगरा कॉरिडोर पर बनेंगे 3 ROB और 4 फ्लाईओवर
नितिन गडकरी ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी देते हुए बताया कि दिल्ली-आगरा कॉरिडोर पर तीन रोड ओवर ब्रिज (ROB), चार फ्लाईओवर और चार व्हीकल अंडरपास (VUP) का निर्माण किया जाएगा. ये परियोजनाएं हरियाणा के फरीदाबाद और पलवल तथा उत्तर प्रदेश के मथुरा और आगरा जिलों में विकसित की जाएंगी.
राष्ट्रीय राजमार्ग-44 और 19 पर प्रस्तावित इन परियोजनाओं का उद्देश्य यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना और कनेक्टिविटी मजबूत करना है. इस कॉरिडोर से प्रतिदिन करीब 68 हजार पैसेंजर कार यूनिट (PCU) का ट्रैफिक गुजरता है. इसमें मालवाहक वाहन, औद्योगिक परिवहन, स्थानीय यात्रियों और पर्यटकों की आवाजाही शामिल है.
रेलवे क्रॉसिंग पर नहीं फंसेंगे वाहन
गडकरी के मुताबिक, तीन रोड ओवर ब्रिज बनने से रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले जाम और देरी से राहत मिलेगी. इसके अलावा मौजूदा पुलों और सड़क चौराहों पर ट्रैफिक दबाव तथा सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं को भी दूर करने में मदद मिलेगी.
फ्लाईओवर, व्हीकल अंडरपास और सर्विस रोड के निर्माण से स्थानीय और लंबी दूरी के ट्रैफिक को अलग-अलग किया जा सकेगा. इससे वाहनों के बीच टकराव की आशंका कम होगी और सड़क सुरक्षा बेहतर होगी.
वेस्ट दिल्ली को 359 करोड़ की सड़क परियोजना की सौगात
वहीं, पश्चिमी दिल्ली के लिए भी 359.63 करोड़ रुपये की सड़क विकास परियोजना को मंजूरी दी गई है. दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इसके लिए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का आभार जताया है.
मुख्यमंत्री के अनुसार, यह परियोजना इंडस्ट्री नगर मेट्रो स्टेशन से टिकरी बॉर्डर तक 12.4 किलोमीटर लंबे हिस्से पर लागू होगी. इससे पीरागढ़ी, नांगलोई चौक, मुंडका और घेवर चौक जैसे इलाकों को फायदा मिलेगा.
दिल्ली-बहादुरगढ़ के यात्रियों को भी मिलेगी राहत
इस परियोजना के तहत कंक्रीट सड़क का निर्माण, सर्विस रोड में सुधार और प्रमुख चौराहों का विकास किया जाएगा. इसका उद्देश्य पश्चिमी दिल्ली में ट्रैफिक जाम कम करना, सड़क सुरक्षा बढ़ाना और दिल्ली से हरियाणा के बीच व्यापारिक गतिविधियों को सुगम बनाना है.
परियोजना पूरी होने के बाद दिल्ली और बहादुरगढ़ के बीच रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें- Bihar News: बिहार में गन्ना किसानों के लिए CM सम्राट चौधरी की बड़ी पहल, सभी जिलों में रवाना किए ‘गन्ना विकास रथ-2026
यह भी पढ़ें- श्रद्धा कपूर ने लावणी डांस से जीता दिल, फिल्म ‘ईथा’ का पहला गाना ‘जी जी रे जी’ रिलीज, श्रेया घोषाल की आवाज ने बांधा समां


