Lucknow News: उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ी जानकारी दी है. उन्होंने कहा कि प्रदेश में वर्ष 2026 के दौरान अलग-अलग रोजगार मेलों के जरिए 50 हजार से अधिक युवाओं को सीधा रोजगार मिला है. सरकार का जोर युवाओं को केवल नौकरी दिलाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें नई तकनीकों के अनुरूप हुनरमंद बनाने पर भी है.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को लखनऊ में आयोजित पांचवें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह को संबोधित कर रहे थे. इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य सरकार टाटा टेक्नोलॉजीज के सहयोग से प्रदेश के 150 से अधिक औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (ITI) को अपग्रेड कर चुकी है. इन संस्थानों में युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), ड्रोन टेक्नोलॉजी, रोबोटिक्स और 3D प्रिंटिंग जैसी आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है.
150 से ज्यादा ITI में आधुनिक तकनीकों की ट्रेनिंग
सीएम योगी ने कहा कि बदलते समय के साथ रोजगार के अवसर भी बदल रहे हैं. ऐसे में युवाओं को नई तकनीकों का प्रशिक्षण देना जरूरी है. इसी उद्देश्य से प्रदेश सरकार ने टाटा टेक्नोलॉजीज के साथ मिलकर 150 से अधिक ITI को अपग्रेड किया है.
इन संस्थानों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), ड्रोन टेक्नोलॉजी, रोबोटिक्स, इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT) और 3D प्रिंटिंग जैसे उभरते क्षेत्रों से जुड़े कोर्स शुरू किए गए हैं. इससे युवाओं को आधुनिक उद्योगों की जरूरत के मुताबिक तैयार करने में मदद मिलेगी.
कैंपस सिलेक्शन से 12 हजार युवाओं को नौकरी
मुख्यमंत्री ने बताया कि कौशल प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके 12 हजार से अधिक युवा फिलहाल कैंपस सिलेक्शन के जरिए रोजगार हासिल कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि कौशल विकास की पहल से युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खुल रहे हैं.
रोजगार मेलों से 50 हजार से ज्यादा युवाओं को सीधा रोजगार
सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2026 में प्रदेशभर में आयोजित विभिन्न रोजगार मेलों के माध्यम से 50 हजार से अधिक कुशल युवाओं को सीधा रोजगार मिला है. उन्होंने इसे प्रदेश में कौशल विकास और रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में सरकार के प्रयासों का हिस्सा बताया.
पीएम मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी हुए शामिल
लखनऊ में आयोजित पांचवें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी हिस्सा लिया. समारोह में कौशल प्रशिक्षण और रोजगार के क्षेत्र में युवाओं के लिए किए जा रहे प्रयासों को प्रमुखता से रखा गया.
यह भी पढ़ें- शहजाद पूनावाला बोले- BJP से नफरत होती तो उसकी T-shirt नहीं पहनता, मोदी-योगी के समर्थन में दिया बयान


