Aaj Ka Mausam: देश में इन दिनों मौसम का मिजाज बेहद अस्थिर बना हुआ है. एक ओर भीषण गर्मी लोगों को परेशान कर रही है, तो दूसरी ओर भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 15 राज्यों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है. बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और पूर्वोत्तर राज्यों में जहां बारिश और तेज हवाओं की संभावना है, वहीं पश्चिम मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान और पूर्वी मध्य प्रदेश में लू का खतरा बना हुआ है. मौसम विभाग ने लोगों को खासकर दोपहर के समय सतर्क रहने और धूप से बचने की सलाह दी है.
दिल्ली में उमस भरी गर्मी जारी
दिल्ली में 20 और 21 अप्रैल को गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं. 20 अप्रैल को अधिकतम तापमान 39 से 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. आसमान में हल्के बादल छाए रह सकते हैं और सुबह के समय करीब 15 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. 21 अप्रैल को भी मौसम लगभग ऐसा ही बना रहेगा.
School Timing Change: UP के इस जिले में कक्षा 1 से 8 तक बदला स्कूल टाइम, नया टाइम टेबल लागू
उत्तर प्रदेश में लू का असर तेज
उत्तर प्रदेश में गर्मी लगातार बढ़ रही है. 20 और 21 अप्रैल को वाराणसी, भदोही, मिर्जापुर, जौनपुर, देवरिया और गोरखपुर में लू का अलर्ट जारी किया गया है. प्रयागराज, वाराणसी, सुल्तानपुर, आगरा, बाराबंकी, बहराइच, शाहजहांपुर और हरदोई में तापमान सामान्य से काफी अधिक है. प्रयागराज में 44.6°C, वाराणसी में 44.2°C और बांदा में 43.6°C तापमान दर्ज किया गया है. कई अन्य जिलों में भी पारा 42°C के पार पहुंच चुका है. शुष्क पश्चिमी हवाएं तापमान को और बढ़ा रही हैं.
बिहार में आंधी और हीटस्ट्रोक का खतरा
बिहार में 20 से 23 अप्रैल के बीच मौसम बदल सकता है. 23 अप्रैल को तेज आंधी चलने की संभावना है, जिसकी रफ्तार 50-60 किमी/घंटा तक हो सकती है और कुछ स्थानों पर 70 किमी/घंटा तक पहुंच सकती है. वहीं 20 अप्रैल को तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण हीटस्ट्रोक का खतरा बना रहेगा. सीमांचल और पूर्वी बिहार के इलाकों के लिए विशेष चेतावनी जारी की गई है.
मध्य प्रदेश में मिला-जुला असर
मध्य प्रदेश में 20 से 25 अप्रैल के बीच मौसम मिश्रित रहेगा. पश्चिमी हिस्सों में 20 से 22 अप्रैल के दौरान हल्की बारिश, गरज-चमक और 30-40 किमी/घंटा की तेज हवाएं चल सकती हैं. वहीं कई जिलों में लू का असर जारी रहेगा. रतलाम, उमरिया, छिंदवाड़ा और मंडला में लू की स्थिति बनी रह सकती है. भोपाल, उज्जैन, चंबल, रीवा, जबलपुर और सागर संभागों में तापमान सामान्य से 2.4 से 2.9°C अधिक रहने का अनुमान है. कुछ जिलों में बूंदाबांदी और बिजली गिरने की संभावना भी है.
महाराष्ट्र में गरज-चमक के साथ बारिश
महाराष्ट्र में 20 और 21 अप्रैल के दौरान कुछ इलाकों में तेज हवाएं और हल्की बारिश हो सकती है. तटीय महाराष्ट्र, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में 20 से 23 अप्रैल के बीच 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाओं के साथ गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है.
हिमाचल प्रदेश में फिलहाल शुष्क मौसम
हिमाचल प्रदेश में 20 से 25 अप्रैल तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है. हालांकि 23 अप्रैल से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे 24 और 25 अप्रैल को ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश हो सकती है.
दक्षिण भारत में बारिश की संभावना
तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में 20 से 23 अप्रैल के दौरान गरज-चमक, बिजली और 30-40 किमी/घंटा की तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
पंजाब-हरियाणा और पहाड़ी राज्यों में बदलाव
पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है. जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 20 अप्रैल को गरज-चमक, तेज हवाएं और कहीं-कहीं बारिश या बर्फबारी हो सकती है.
14 साल की ‘निद्रा’ में छुपा था सबसे बड़ा त्याग… उर्मिला की कहानी सुनकर रह जाएंगे भावुक
पूर्वोत्तर राज्यों में सक्रिय रहेगा मौसम
पूर्वोत्तर भारत में 20 से 23 अप्रैल के दौरान अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी 20 से 22 अप्रैल के बीच मौसम सक्रिय रहेगा. असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में 20 और 21 अप्रैल को कुछ जगहों पर भारी बारिश की संभावना है.


