गाजियाबाद: गाजियाबाद के जीटी रोड पर रोजाना लगने वाले जाम से वाहन चालकों को आने वाले समय में राहत मिल सकती है. गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) ने जीटी रोड पर करीब 2 किलोमीटर लंबे 4 लेन एलिवेटेड रोड के निर्माण को मंजूरी दे दी है. यह एलिवेटेड रोड घंटाघर रामलीला मैदान के सामने से चौधरी मोड़ होते हुए भाटिया मोड़ स्थित आधार सेवा केंद्र तक बनाया जाएगा. एलिवेटेड रोड के साथ शहर में यातायात व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए अंडरपास, ओपन जिम और अन्य विकास कार्यों के प्रस्तावों को भी मंजूरी मिली है. इन प्रस्तावों की कुल लागत करीब 66.73 करोड़ रुपये है.
यह भी पढ़ें- यूपी में बसेंगे दो नए हाईटेक शहर, CM योगी ने किया शुभारंभ, 3 हजार से ज्यादा प्लॉट्स का रजिस्ट्रेशन शुरू
कहां से कहां तक बनेगा एलिवेटेड रोड?
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के सभाकक्ष में गुरुवार को नगरीय अवस्थापना निधि की बैठक हुई. मेरठ मंडलायुक्त भानु चंद्र गोस्वामी की अध्यक्षता में हुई बैठक में जीटी रोड पर एलिवेटेड रोड के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई.
प्रस्तावित एलिवेटेड रोड
- शुरुआत: घंटाघर रामलीला मैदान के सामने से
- रूट: चौधरी मोड़ होते हुए
- अंत: भाटिया मोड़ स्थित आधार सेवा केंद्र
- लंबाई: करीब 2 किलोमीटर
- चौड़ाई: 4 लेन
जीटी रोड का यह हिस्सा बेहद व्यस्त रहता है. बड़ी संख्या में वाहनों की आवाजाही के कारण यहां अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है. एलिवेटेड रोड बनने के बाद मुख्य मार्ग पर यातायात का दबाव कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है.
रेलवे फाटक की जगह बनेगा अंडरपास
बैठक में नए गाजियाबाद रेलवे स्टेशन और एलटीएच क्रॉसिंग के बीच स्थित डीपीएसजी रेलवे फाटक को बंद करने और उसके स्थान पर अंडरपास बनाने का भी फैसला लिया गया. इससे रेलवे फाटक पर वाहनों के रुकने और ट्रैफिक जाम की समस्या को कम करने में मदद मिल सकती है. अंडरपास बनने के बाद वाहन चालकों को रेलवे क्रॉसिंग के खुलने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा.
गाजियाबाद में 30 जगह बनेंगे ओपन जिम
शहर में लोगों को अपने घर के आसपास व्यायाम की सुविधा देने के लिए 30 स्थानों पर ओपन जिम बनाए जाएंगे. इसके लिए करीब 4.50 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. GDA क्षेत्र की अलग-अलग योजनाओं के पार्कों और अन्य उपयुक्त स्थानों पर इन ओपन जिम का निर्माण किया जाएगा. इससे स्थानीय लोगों को खुले स्थान पर व्यायाम और फिटनेस की सुविधा मिल सकेगी.
बुनकर मार्ट के लिए मिलेगी 60 करोड़ की शेष राशि
बैठक में मधुबन-बापूधाम योजना में निर्माणाधीन बुनकर मार्ट को लेकर भी चर्चा हुई. अवस्थापना निधि से पहले स्वीकृत 60 करोड़ रुपये की शेष राशि उपलब्ध कराने का फैसला लिया गया है. इस राशि से बुनकर मार्ट के जरूरी निर्माण और विकास कार्य पूरे किए जाएंगे. मधुबन-बापूधाम योजना में भूखंडों की बिक्री से GDA को आय हो रही है, जिसका इस्तेमाल योजना में विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में किया जा रहा है.
गाजियाबाद में बनेगा क्रिकेट स्टेडियम
बैठक में गाजियाबाद में क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण से जुड़ा महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी मंजूर किया गया. उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (UPCA) के स्वामित्व वाली भूमि को लैंड पूलिंग के माध्यम से लेने के प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई. इसके साथ ही स्टेडियम निर्माण के लिए ड्राफ्ट एमओयू और फीजिबिलिटी रिपोर्ट से जुड़े प्रस्ताव को भी मंजूरी मिली है. स्टेडियम बनने के बाद शहर में बड़े क्रिकेट आयोजनों की संभावना बढ़ सकती है. इससे होटल, रेस्टोरेंट, परिवहन, पर्यटन और स्थानीय कारोबार को बढ़ावा मिलने के साथ खेल प्रशिक्षण और आयोजन प्रबंधन से जुड़े रोजगार के अवसर भी पैदा हो सकते हैं.
यह भी पढ़ें- बरेली में नए आशियानों की राह खुली! ग्रेटर बरेली सेक्टर-5 का रेरा पंजीकरण जारी, जल्द शुरू होगा पंजीकरण
तीन योजनाओं में भू-उपयोग बदला
बैठक में GDA की अलग-अलग योजनाओं में कुछ भूखंडों के भू-उपयोग में बदलाव को भी मंजूरी दी गई.
- इंदिरापुरम योजना: शक्तिखंड-4 में स्थित 5,965.29 वर्गमीटर के होटल भूखंड का भू-उपयोग बदलकर आवासीय किया गया.
- कोयल एन्क्लेव: यहां 12,868.88 वर्गमीटर और 2,020 वर्गमीटर के दो ग्रुप हाउसिंग भूखंडों का भू-उपयोग आवासीय किया गया.
- इंद्रप्रस्थ योजना: यहां 4,353 वर्गमीटर के भूखंड को प्लॉटेड डेवलपमेंट और एकल बहु-आवासीय इकाइयों के लिए मंजूरी दी गई.
इन परियोजनाओं के जरिए गाजियाबाद में यातायात व्यवस्था, आवासीय विकास, खेल सुविधाओं और नागरिक सुविधाओं को बढ़ाने की दिशा में काम किया जाएगा.


