Aaj Ka Mausam: इन दिनों देशभर में मौसम लगातार बदलता हुआ नजर आ रहा है. कहीं तेज धूप है तो कहीं बारिश, और कई स्थानों पर आंधी-तूफान भी देखने को मिल रहा है. ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या आने वाले दिनों में भीषण गर्मी पड़ेगी या फिर बारिश और ठंडक का दौर जारी रहेगा. इस पर बात करने से पहले बीते 24 घंटों के मौसम पर नजर डालें तो अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के साथ-साथ पूर्वी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश दर्ज की गई. वहीं मध्य महाराष्ट्र और दक्षिण मध्य प्रदेश के कई इलाकों में ओलावृष्टि हुई.
इसके अलावा मध्य प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में 50 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं और गरज-चमक के साथ मौसम ने उग्र रूप दिखाया. मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, इस सप्ताह उत्तर-पश्चिम भारत पर दो सक्रिय पश्चिमी विक्षोभों का असर देखने को मिलेगा, जिनकी तीव्रता 3, 4 और 7 अप्रैल को अधिक रहने की संभावना है. इस दौरान 3 और 4 अप्रैल को कई स्थानों पर ओलावृष्टि हो सकती है, जबकि कश्मीर घाटी में कुछ जगहों पर भारी बारिश की भी संभावना है. वहीं मध्य भारत में 6 अप्रैल तक गरज और बिजली के साथ बारिश जारी रहने के आसार हैं, और 4 अप्रैल तक कुछ इलाकों में ओले गिर सकते हैं. पूरे सप्ताह उत्तर-पश्चिम भारत में दिन का तापमान सामान्य या उससे कम रहने की उम्मीद है.
20 साल बाद बदला Google का नियम, अब बदल सकेंगे अपना Gmail यूजरनेम!
अब बात करें 3 अप्रैल के मौसम की-
दिल्ली का मौसम
राजधानी दिल्ली में सुबह आंशिक बादल छाए रहेंगे, जो दोपहर तक घने हो सकते हैं. दोपहर से शाम के बीच हल्की बूंदाबांदी या बहुत हल्की बारिश हो सकती है. इस दौरान गरज-चमक के साथ 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, जिनके झोंके 40 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं. अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.6 से 3 डिग्री अधिक रह सकता है, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास रहेगा.
उत्तर प्रदेश का मौसम
उत्तर प्रदेश में फिलहाल तेज धूप और बढ़ती गर्मी से लोग परेशान हैं, लेकिन जल्द ही मौसम बदलने वाला है. अगले 48 घंटों में तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है. इसके बाद 3 अप्रैल से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होते ही मौसम बदलेगा. कई इलाकों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, साथ ही गरज-चमक के साथ बारिश और कुछ जगहों पर ओलावृष्टि की संभावना है. इससे तापमान में 2 से 4 डिग्री की गिरावट आ सकती है.
बिहार का मौसम
बिहार में इस समय मौसम के दो रूप देखने को मिल रहे हैं- एक तरफ तेज धूप और गर्मी, तो दूसरी ओर बादलों की आवाजाही. 5 अप्रैल से एक नया मौसम तंत्र सक्रिय होने की संभावना है, जिससे राज्य में हल्की से मध्यम बारिश और तेज आंधी चल सकती है. पूरे अप्रैल में मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा, जहां तापमान 40 डिग्री के पार जा सकता है, वहीं आंधी-तूफान की घटनाएं भी बढ़ सकती हैं.
राजस्थान का मौसम
राजस्थान में पिछले 24 घंटों के दौरान कई जगह हल्की बारिश दर्ज की गई. सबसे अधिक 12 मिमी बारिश देवगढ़ (राजसमंद) में हुई. अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री चित्तौड़गढ़ में और न्यूनतम 18.2 डिग्री अलवर में दर्ज किया गया. मौसम विभाग के अनुसार, 2 अप्रैल को दोपहर बाद जैसलमेर, बाड़मेर, फलोदी और बीकानेर क्षेत्र में आंधी-बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. वहीं 3 और 4 अप्रैल को जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग में आंधी-बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना है. 7-8 अप्रैल को एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है.
पर्वतीय क्षेत्रों का मौसम
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 3 से 6 अप्रैल के बीच हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है. 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है, जबकि 3-4 अप्रैल को हवा की गति 60 से 70 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि और कश्मीर में भारी बारिश भी संभव है. 7-8 अप्रैल को फिर नया विक्षोभ सक्रिय होगा.
झारखंड का मौसम
झारखंड के 14 जिलों में 4 अप्रैल से गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिलेगा. 4 और 5 अप्रैल को कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है. प्रभावित जिलों में गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, लोहरदगा, हजारीबाग, कोडरमा, रामगढ़, रांची, खूंटी, गिरिडीह, धनबाद, बोकारो और गुमला शामिल हैं. वहीं राज्य के उत्तर-पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में 2 से 4 अप्रैल तक गर्म और उमस भरा मौसम बना रह सकता है.
पंजाब और हरियाणा का मौसम
इन राज्यों में 3 और 4 अप्रैल को आंधी, तेज हवाओं और बारिश के साथ ओलावृष्टि की संभावना है. वहीं 7 और 8 अप्रैल को भी हल्की से मध्यम बारिश और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.
बुंदेलखंड को मिलेगी नई रफ्तार, झांसी–मानिकपुर रेल डबलिंग को लेकर बड़ा अपडेट
दक्षिण भारत का मौसम
दक्षिण भारत में भी मौसम बदलने वाला है. केरल और माहे में 3 से 5 अप्रैल के बीच, जबकि आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और कर्नाटक के कई हिस्सों में 3 से 6 अप्रैल तक हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इस दौरान 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, जिनके झोंके 60 किमी प्रति घंटे तक जा सकते हैं. तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में बिजली गिरने की संभावना जताई गई है.
देशभर में अगले कुछ दिनों तक मौसम अस्थिर बना रहेगा, जहां एक ओर गर्मी से राहत मिल सकती है, वहीं आंधी, बारिश और ओलावृष्टि जैसी गतिविधियां लोगों के लिए चुनौती भी बन सकती हैं.


