Gmail ID Change Kaise kare: दुनियाभर के करोड़ों यूजर्स के लिए Gmail एक बड़ा बदलाव लेकर आ रहा है. अब तक जहां @gmail.com वाला ईमेल एड्रेस हमेशा के लिए फिक्स माना जाता था, वहीं अब Google इस 20 साल पुरानी पाबंदी को खत्म करने जा रहा है. इस नए फीचर के जरिए यूजर्स अपनी प्राइमरी Gmail ID बदल सकेंगे, वो भी बिना नया अकाउंट बनाए. यानी अगर आपने सालों पहले कोई अनप्रोफेशनल या फनी यूजरनेम बना लिया था, तो अब आप उसे आसानी से बदल सकते हैं.
इस अपडेट की जानकारी खुद Sundar Pichai ने X (Twitter) पर एक पोस्ट के जरिए दी. उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि 2004 अच्छा साल था, लेकिन आपका Gmail एड्रेस उसी में अटका रहना जरूरी नहीं है.
डेटा रहेगा पूरी तरह सुरक्षित
इस फीचर की सबसे बड़ी खासियत यह है कि ईमेल ID बदलने के बाद भी आपका पूरा डेटा सुरक्षित रहेगा. आपके पुराने ईमेल, Google Drive की फाइलें, फोटो और बाकी सभी सर्विसेज पहले की तरह काम करती रहेंगी. नई ID बनाने के बाद आपकी पुरानी Gmail ID खत्म नहीं होगी. उसे एक alternate एड्रेस के तौर पर आपके अकाउंट से जोड़ दिया जाएगा. यानी अगर कोई पुराने ईमेल पर मेल भेजता है, तो वह आपको मिलता रहेगा. साथ ही आप पुराने ID से लॉगिन भी कर सकेंगे. हालांकि एक शर्त यह है कि पुरानी ID को आप 12 महीने तक किसी नए Gmail अकाउंट के लिए इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे.
धीरे-धीरे मिलेगा फीचर
Google ने बताया है कि यह फीचर सभी यूजर्स तक धीरे-धीरे पहुंचाया जाएगा. जिन यूजर्स को यह सुविधा मिलेगी, वे अपने Google Account की सेटिंग्स में जाकर Google Account email सेक्शन से अपनी ID बदल सकेंगे. कंपनी के मुताबिक इस बदलाव के दौरान Sign in with Google या Chrome Sync जैसी सर्विसेज में थोड़ी परेशानी आ सकती है. इसलिए यूजर्स को सलाह दी गई है कि वे पहले अपने जरूरी डेटा का बैकअप जरूर ले लें.
क्यों है यह बदलाव खास?
अब तक अगर किसी यूजर को नया और प्रोफेशनल ईमेल चाहिए होता था, तो उसे नया अकाउंट बनाना पड़ता था और डेटा ट्रांसफर करना पड़ता था. लेकिन इस नए अपडेट के बाद यह झंझट खत्म हो जाएगी और यूजर्स आसानी से अपनी ID अपडेट कर सकेंगे.
यह फीचर खासतौर पर उन लोगों के लिए फायदेमंद है, जिन्होंने शुरुआती दौर में मजाक या ट्रेंड के हिसाब से ईमेल ID बनाई थी और अब उसे बदलना चाहते हैं.


