केंद्रीय मंत्री और रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया के नेता रामदास आठवले पहले भी अभिजीत दीपके को अपनी पार्टी में शामिल होने का न्योता दे चुके हैं. अब उन्होंने कहा है कि सीजेपी को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आंदोलन नहीं करना चाहिए.
अभिजीत दीपके 10 अक्टूबर से दिल्ली में प्रदर्शन की तैयारी कर रहे हैं. इसी बीच NDA सरकार में केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने कहा है कि सीजेपी के प्रयास करने के बावजूद मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देंगे. साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि अगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल जारी रहा, तो उनकी पार्टी आंदोलन करेगी. फिलहाल, इस पर अभिजीत दीपके की प्रतिक्रिया नहीं आई है.
केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने कहा कि CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आंदोलन की जरूरत नहीं है. उन्होंने कहा, “अभिजीत दीपके महाराष्ट्र से आते हैं, दलित समाज से आते हैं, बौद्ध समाज से हैं. उन्होंने अभी मुंबई में भी विरोध प्रदर्शन किया था. लेकिन मेरी उनको सलाह यही है कि NEET के पेपर लीक के मामले में आपकी पार्टी खड़ी हुई थी, तो अभी दोबारा ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे के लिए आंदोलन करने की जरूरत नहीं थी.”
यह भी पढ़ें- 10 अक्टूबर को ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करेगी CJP, चीफ प्रवक्ता सौरव दास ने दी पुलिस को सूचना
भाजपा की बी टीम होने के दावे पर भी बोले
इस दौरान उन्होंने सीजेपी के भाजपा की बी टीम होने के दावे पर भी जवाब दिया. उन्होंने कहा, “और भी अनेक विषय हैं, उस पर काम करना चाहिए. राजनीति में आकर ऐसा करना बिल्कुल ठीक नहीं है. और जिस तरह उन पर आरोप हैं कि वो भाजपा की बी टीम हैं, लेकिन मुझे लगता है कि यह भाजपा की बी टीम का विषय नहीं है.”
अरविंद केजरीवाल का किया जिक्र
आठवले ने आम आदमी पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा, “अरविंद केजरीवाल जी के साथ वह रहे हैं. अरविंद केजरीवाल के साथ सोशल मीडिया पर उन्होंने काम किया है. उन्होंने जो 10 तारीख को आंदोलन का ऐलान किया है, मुझे लगता है कि आंदोलन की जरूरत नहीं है. क्योंकि कितनी भी कोशिश कर लें, ज्ञानेश कुमार इस्तीफा देंगे नहीं.”
उन्होंने आगे कहा, “लेकिन जरूरत चुनाव पारदर्शी कराने के लिए, लिस्ट ठीक करने के लिए और अगर विशेषाधिकार छिना होगा तो उसे दोबारा देने के लिए ज्ञानेश कुमार जी तैयार हैं. ऐसे में उनका इस्तीफा मांगने का कोई अर्थ नहीं है.”
कहा- ज्ञानेश कुमार की गलती नहीं है
केंद्रीय मंत्री ने कहा, “सीजेपी वाले कितना भी आंदोलन करें, लेकिन ज्ञानेश कुमार जी इस्तीफा देंगे नहीं. क्योंकि उसमें उनकी कोई गलती नहीं है. उनका काम है कि जो गलत मतदाता हैं, उनको हटाना है. जो लोग गांव छोड़कर, एक राज्य छोड़कर दूसरे राज्यों में नौकरी में गए हैं, ऐसे अनेक लोग हैं. ऐसे में उनका नाम वहां रखने का क्या फायदा है.”
उन्होंने कहा, “इसलिए मुझे लगता है कि सीजेपी ने 10 तारीख को जो आंदोलन की घोषणा की है, उसे शांति से करें, लेकिन ज्ञानेश कुमार जी इस्तीफा नहीं देंगे. लिस्ट ठीक बनाने के लिए ज्ञानेश कुमार जी तैयार हैं. इसलिए आंदोलन बंद करना चाहिए, ऐसा मेरा उनको सलाह है.”
आंदोलन की चेतावनी
आठवले ने सीजेपी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ सही भाषा का इस्तेमाल करने की हिदायत दी. उन्होंने कहा, “हमारे अभिजीत दीपके जी जो हैं. उनको मेरा अनुरोध है कि वह नौजवान हैं, एक्टिव हैं, लेकिन प्रधानमंत्री जी के बारे में गलत टिप्पणी करना गलत है. उन्हें अच्छी भाषा का इस्तेमाल करना चाहिए. नहीं तो रिपब्लिकन पार्टी उनके विरोध में भी आंदोलन कर सकती है.”
NDA में आने का दे चुके हैं ऑफर
खास बात यह है कि आठवले इससे पहले अभिजीत दीपके को NDA में आने का भी ऑफर दे चुके हैं. उन्होंने कहा था कि डॉक्टर बाबासाहेब आंबेडकर का सपना पूरा करने के लिए दीपके को रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया में शामिल हो जाना चाहिए.
हालांकि, सीजेपी के संस्थापक ने इस प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया था.
यह भी पढ़ें- गंगा-यमुना और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे की महाकनेक्टिविटी, जुड़ेंगे आगरा-प्रयागराज-जयपुर, 7 राज्यों का सफर होगा आसान


