नई दिल्ली: शादियों के इस सीजन में आपने भी कई विवाह समारोह देखे होंगे, जहां दूल्हा-दुल्हन एक-दूसरे को वरमाला पहनाकर नई जिंदगी की शुरुआत करते हैं. लेकिन जरा सोचिए, अगर किसी शादी में एक ही मंडप में दुल्हन के साथ दो-दो दूल्हे बैठे हों तो? सुनने में यह अजीब लग सकता है, मगर हाल ही में ऐसी ही एक अनोखी शादी ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है.
सोना हुआ सस्ता, चांदी ने मारी छलांग! 3 दिन में गोल्ड 1470 रुपये गिरा, सिल्वर 7120 रुपये महंगी
कहां का है ये मामला?
दरअसल यह मामला थाईलैंड का है, जहां 37 साल की महिला डुआंगडुआन केत्सारो ने एक ही समारोह में दो ऑस्ट्रियाई पुरुषों से शादी रचा ली. इस अनोखी शादी की तस्वीरें इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रही हैं और लोग इसे देखकर हैरान भी हैं और दिलचस्पी भी दिखा रहे हैं. बताया जा रहा है कि डुआंगडुआन पहले एक सिंगर और सॉन्गराइटर रह चुकी हैं. उनका विवाह समारोह बेहद सादा और पारंपरिक अंदाज में हुआ, जिसमें सिर्फ करीबी रिश्तेदार और दोस्त ही शामिल हुए.
प्यार की कहानी भी है दिलचस्प
डुआंगडुआन की मुलाकात सबसे पहले ऑस्ट्रिया के रिटायर्ड पुलिस अधिकारी रोमन से पटाया में हुई थी. धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और करीब पांच साल तक दोनों साथ रहे. इसी दौरान उनकी जिंदगी में मैकी नाम का एक और युवक आया. समय के साथ दोनों के बीच भी प्यार पनपने लगा. खास बात यह रही कि डुआंगडुआन ने अपने इस रिश्ते को कभी छिपाया नहीं. तीनों ने आपस में खुलकर बातचीत की और अपने भविष्य को लेकर समझदारी से फैसला लिया.
परिवार की सहमति से हुई शादी
शादी से पहले डुआंगडुआन ने अपने माता-पिता और बच्चों से भी सलाह ली. उनकी पहले की शादी से तीन बेटियां और दो नाती-नातिन हैं. उन्होंने बताया कि संगीत करियर सफल न होने के बाद उन्हें कई आर्थिक और निजी संघर्षों का सामना करना पड़ा. परिवार की जिम्मेदारी निभाने के लिए उन्होंने पटाया में काम शुरू किया, जहां उनकी मुलाकात पहले रोमन और बाद में मैकी से हुई. समय के साथ दोनों पुरुष न सिर्फ उनकी जिंदगी का हिस्सा बने, बल्कि उनके परिवार की जिम्मेदारी भी निभाने लगे.
डुआंगडुआन का कहना है कि उनके माता-पिता और बच्चे भी इस रिश्ते से खुश हैं. यही वजह है कि तीनों ने मिलकर एक ही मंडप में शादी करने का फैसला लिया. आज यह अनोखी शादी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है. कोई इसे सच्चे प्यार की मिसाल बता रहा है, तो कोई इसे हैरानी भरा फैसला मान रहा है. लेकिन एक बात तय है, इस शादी ने लोगों को रिश्तों को देखने का एक बिल्कुल अलग नजरिया जरूर दे दिया है.


