Delhi-Gurugram Metro: दिल्ली के यशोभूमि से गुरुग्राम के राजीव चौक तक प्रस्तावित मेट्रो कॉरिडोर की डीपीआर में बदलाव किया गया है. केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय की तकनीकी टीम के सुझावों के बाद संशोधित डीपीआर तैयार की गई है. करीब 13,500 करोड़ रुपये की इस परियोजना को वर्ष 2031 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.
पहले तैयार डीपीआर में स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार को लेकर तकनीकी टीम ने कुछ बदलाव सुझाए थे. इसके बाद संशोधित डीपीआर में स्टेशन के निकास द्वार की चौड़ाई बढ़ाई गई है. संशोधित डीपीआर को मंजूरी मिलने के बाद दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) की ओर से आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी.
यह भी पढ़ें- Golmaal 5 की रिलीज डेट का ऐलान, 8 जनवरी 2027 को सिनेमाघरों में लौटेगी अजय देवगन की ‘गोलमाल’ गैंग
20 किलोमीटर लंबा होगा मेट्रो रूट
प्रस्तावित मेट्रो लाइन की लंबाई करीब 20 किलोमीटर होगी. यशोभूमि से गुरुग्राम के राजीव चौक तक पूरा कॉरिडोर भूमिगत बनाया जाना प्रस्तावित है. योजना के तहत यशोभूमि इंटरचेंज स्टेशन के अलावा पांच अन्य स्टेशन बनाए जाने की योजना है. इस मेट्रो के शुरू होने के बाद यशोभूमि से राजीव चौक तक का सफर करीब 25 मिनट में पूरा होने की उम्मीद है. सर्वे के मुताबिक, इस रूट पर रोजाना करीब सवा लाख यात्रियों के सफर करने का अनुमान है.
दिल्ली और गुरुग्राम के बीच कनेक्टिविटी होगी बेहतर
नए कॉरिडोर के शुरू होने से पश्चिमी दिल्ली और गुरुग्राम के बीच सार्वजनिक परिवहन कनेक्टिविटी मजबूत होने की उम्मीद है. इससे सड़क मार्ग पर यातायात का दबाव कम करने में भी मदद मिल सकती है. फिलहाल दिल्ली मेट्रो गुरुग्राम में मिलेनियम सिटी सेंटर तक पहुंचती है. यशोभूमि-राजीव चौक कॉरिडोर दिल्ली को गुरुग्राम से जोड़ने वाला दूसरा मेट्रो रूट होगा.
कहां-कहां बनेंगे स्टेशन?
- यशोभूमि (द्वारका)
- एक्सटेंशन प्वाइंट
- बिजवासन
- कापसहेड़ा
- सेक्टर-22 (दिल्ली-गुरुग्राम सीमा)
- इफको चौक
- राजीव चौक
यह भी पढ़ें- अमृतसर से जामनगर 13 घंटे में, 4 राज्यों और 15 शहरों को जोड़ेगा 6-लेन एक्सप्रेसवे
2031 तक पूरा करने का लक्ष्य
करीब 13,500 करोड़ रुपये की इस परियोजना को 2031 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. संशोधित डीपीआर को मंजूरी मिलने के बाद परियोजना से जुड़ी आगे की प्रक्रिया शुरू होगी. वहीं, गुरुग्राम में भी गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड की ओर से दो चरणों में मेट्रो नेटवर्क के विस्तार पर काम किया जा रहा है.


