Delhi Lakshmi Yojana: दिल्ली सरकार ने महिलाओं के लिए बड़ी सौगात का ऐलान किया है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ को मंजूरी दे दी गई. इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी. सरकार के अनुसार, योजना के लिए 1 अगस्त से रजिस्ट्रेशन शुरू होंगे.
1 अगस्त से शुरू होगा पोर्टल
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि 1 अगस्त से रजिस्ट्रेशन पोर्टल शुरू कर दिया जाएगा. पात्र महिलाएं ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगी. आवेदन प्राप्त होने के बाद उनकी जांच (स्क्रूटनी) की जाएगी और पात्र पाए जाने पर उन्हें योजना का लाभ दिया जाएगा.
रक्षा बंधन पर मिल सकती है पहली किश्त
सरकार ने यह घोषणा रक्षा बंधन से पहले की है. मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि रक्षाबंधन के आसपास लाभार्थियों के पहले बैच को पहली किस्त जारी कर दी जाएगी. इसे दिल्ली की महिलाओं के लिए सरकार का रक्षा बंधन उपहार माना जा रहा है.
सरकार ने पूरा किया चुनावी वादा
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार बनने के सवा साल के भीतर यह महत्वपूर्ण वादा पूरा किया गया है. उन्होंने कहा कि सरकार आगे भी महिलाओं के कल्याण और सशक्तिकरण के लिए काम करती रहेगी.
आवेदन के लिए क्या करना होगा?
योजना का लाभ लेने के लिए महिलाओं को रजिस्ट्रेशन पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा. आवेदन के साथ स्व-घोषणा पत्र (हलफनामा) भी देना होगा, जिसमें यह घोषित करना होगा कि वे कम से कम 10 वर्षों से दिल्ली की निवासी हैं.
₹10 और ₹20 के पॉलीमर नोटों का होगा ट्रायल, सरकार ने RBI के प्रस्ताव को दी मंजूरी
आपराधिक रिकॉर्ड की भी देनी होगी जानकारी
योजना के नियमों के अनुसार, आवेदक महिलाओं को हलफनामे में यह भी घोषित करना होगा कि उनके खिलाफ कोई आपराधिक मामला लंबित नहीं है और उनका कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है. इन शर्तों की जांच के बाद ही पात्रता तय की जाएगी.


