Asia Largest Park in up: उत्तर प्रदेश अपनी ऐतिहासिक, धार्मिक और आधुनिक पहचान के लिए पूरे देश-दुनिया में जाना जाता है. राज्य में जहां एक ओर विशाल मॉल और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित हो रहा है, वहीं प्रकृति प्रेमियों के लिए भी यहां शानदार जगहें मौजूद हैं. इन्हीं में से एक है एशिया का सबसे बड़ा पार्क जनेश्वर मिश्र पार्क, जो उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के गोमती नगर इलाके में स्थित है.
करीब 376 एकड़ में फैला यह पार्क अपनी खूबसूरती, विशालता और आधुनिक सुविधाओं के लिए देशभर में मशहूर है. इस पार्क का निर्माण साल 2014 में अखिलेश यादव की सरकार के दौरान कराया गया था और इसे जनता को समर्पित किया गया.
हरियाली और फूलों से सजी ‘ग्रीन जन्नत’
जनेश्वर मिश्र पार्क में हजारों पेड़-पौधे और रंग-बिरंगे फूलों की खूबसूरत बगिया देखने को मिलती है. हर मौसम में यहां का नजारा अलग ही दिखाई देता है. गर्मियों में भी यहां हरियाली के कारण ठंडक का अहसास होता है, जबकि सर्दियों में लोग धूप का आनंद लेने के लिए यहां पहुंचते हैं.
साइकिलिंग और वॉकिंग के लिए शानदार ट्रैक
पार्क के अंदर करीब 6.5 किलोमीटर लंबा साइकिल ट्रैक बनाया गया है, जहां सुबह-शाम बड़ी संख्या में लोग साइकिलिंग करने आते हैं. इसके अलावा मॉर्निंग वॉक और फिटनेस के शौकीनों के लिए अलग से पैदल चलने का ट्रैक भी मौजूद है.
बच्चों और परिवार के लिए खास इंतजाम
पार्क में बच्चों के मनोरंजन के लिए अलग चिल्ड्रन पार्क बनाया गया है. यहां परिवार के साथ घूमने आने वाले लोगों के लिए कई तरह की सुविधाएं मौजूद हैं.
झील और बोटिंग का मजा
जनेश्वर मिश्र पार्क के अंदर एक बड़ी और गहरी झील भी बनाई गई है, जहां पर्यटक बोटिंग का मजा ले सकते हैं. यहां गंडोला नाव की सवारी भी उपलब्ध है, जो लोगों को खास आकर्षित करती है.
3D सिनेमा और लेजर शो भी
पार्क में घूमने के साथ-साथ मनोरंजन के लिए 3D सिनेमा हॉल और लेजर शो की भी सुविधा है.
3D सिनेमा का टिकट: 100 रुपये
लेजर शो का टिकट: 50 रुपये
जंगल के बीच बसेगा ज्ञान का संसार! यूपी में बनेगी भारत की पहली फॉरेस्ट यूनिवर्सिटी
टिकट और रखरखाव
पार्क में प्रवेश के लिए टिकट सिर्फ 10 रुपये है.
12 साल से कम उम्र के बच्चों और बुजुर्गों के लिए एंट्री मुफ्त है.
इस विशाल पार्क को साफ-सुथरा और बेहतर बनाए रखने के लिए सरकार हर साल लगभग 20 करोड़ रुपये खर्च करती है. यहां सोलर पावर का भी इस्तेमाल किया जाता है, जिससे यह पर्यावरण के अनुकूल भी है. इसी वजह से जनेश्वर मिश्र पार्कमें हर दिन बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और पर्यटक घूमने के लिए पहुंचते हैं और प्रकृति के बीच सुकून के पल बिताते हैं.


