Flight Lieutenant Shubham Kumar Martyr: ‘अभी जल्दी में हूं मां, फ्री होकर बात करूंगा…’ बिहार के जहानाबाद के लाल और भारतीय वायुसेना के फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार ने अपनी मां से वीडियो कॉल पर यही आखिरी शब्द कहे थे. मां को क्या पता था कि जिस बेटे से वह मुस्कुराते हुए बात कर रही हैं, वह उसका आखिरी कॉल होगा. इस बातचीत के ठीक एक घंटे बाद असम के जोरहाट में वायुसेना का विमान (An-32) दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें शुभम कुमार सहित देश के 5 जांबाज जवान शहीद हो गए.
सहारनपुर में पसरा मातम, तेज रफ्तार क्रेटा ने उजाड़ा हंसता-खेलता परिवार, एक साथ बुझे घर के 4 चिराग
सुबह 9 बजे वीडियो कॉल, 10 बजे हादसा
शहीद फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार के भाई सत्यम ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 9 बजे शुभम ने अपनी मां को वीडियो कॉल किया था. वह बेहद खुश दिख रहे थे. उन्होंने मां से कहा था कि अभी कुछ व्यस्तता है, इसलिए बाद में विस्तार से बात करेंगे.
इसके ठीक एक घंटे बाद, सुबह 10 बजे असम के जोरहाट वायुसेना स्टेशन पर लैंडिंग के दौरान IAF का परिवहन विमान An-32 अनियंत्रित होकर रनवे से फिसल गया. विमान टैक्सी-वे को पार करते हुए दो हिस्सों में टूट गया और उसमें भीषण आग लग गई. इस दर्दनाक हादसे में शुभम कुमार (26 वर्ष) ने देश के लिए अपनी जान न्योछावर कर दी. हादसे में एक को-पायलट गंभीर रूप से घायल हैं. वायुसेना ने हादसे की जांच के लिए ‘कोर्ट ऑफ इंक्वायरी’ के आदेश दे दिए हैं.
गांव और परिवार में पसरा मातम
शुभम जहानाबाद जिले के हुलासगंज प्रखंड के बनवारियां गांव के रहने वाले थे. शनिवार सुबह 11 बजे जैसे ही उनके शहादत की खबर गांव पहुंची, पूरे इलाके में कोहराम मच गया. पहले तो परिजनों को लगा कि यह कोई भ्रामक खबर है, लेकिन जब शुभम के ही मोबाइल पर दोबारा कॉल किया गया, तो घटना की पुष्टि हुई.
शुभम के पिता अमरेंद्र आनंद एक किसान हैं और माता गृहणी हैं. साल 2021 में जब शुभम वायुसेना में अधिकारी बने थे, तो पूरे परिवार और गांव का सीना गर्व से चौड़ा हो गया था. बेटे की शहादत की खबर के बाद से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है. ग्रामीणों ने बताया कि परिवार वाले शुभम की शादी के सपने संजो रहे थे, लेकिन देशसेवा को सर्वोपरि रखने वाले शुभम अक्सर शादी की बात टाल दिया करते थे. वह अभी 15 दिन पहले ही गांव से छुट्टी बिताकर वापस ड्यूटी पर लौटे थे.
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने व्यक्त किया शोक
इस दुखद घटना पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गहरा शोक व्यक्त किया है. उन्होंने सोशल मीडिया पर दुख साझा करते हुए कहा कि असम के जोरहाट में भारतीय वायुसेना के An-32 विमान दुर्घटना में हमारे पांच वीर वायुयोद्धाओं के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है. देश उनके अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण को सदैव श्रद्धापूर्वक याद रखेगा.


