Gorakhpur News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गोरखपुर जिले के पहले 2.6 किलोमीटर लंबे सिक्सलेन फ्लाईओवर सहित कुल 995 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. इस दौरान उन्होंने 813.52 करोड़ रुपये की चार परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 181.77 करोड़ रुपये की दस परियोजनाओं का शिलान्यास किया.
DRDO ने लंबी दूरी की ‘कुशा’ मिसाइल का पहला सफल परीक्षण किया, भारत की वायु रक्षा क्षमता होगी और मजबूत
आस्था पर प्रहार करने वाले आज दे रहे उपदेश
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने सपा और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि जो दल सत्ता में रहते हुए आस्था पर प्रहार करते थे, वही आज आस्था का सबसे बड़ा ठेकेदार बनने की कोशिश कर रहे हैं. योगी ने कहा कि सपा ने राम जन्मभूमि आंदोलन में बाधा डाली और रामभक्तों पर गोलियां चलवाईं, जबकि कांग्रेस ने भगवान श्रीराम के अस्तित्व पर सवाल उठाए और मंदिर आंदोलन के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में वकील खड़ा किया.
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और सपा की सरकारों में युवाओं को रोजगार से वंचित किया गया, किसानों के अधिकार छीने गए और महिलाओं व व्यापारियों की सुरक्षा खतरे में थी. उन्होंने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में आए दिन दंगे होते थे और होली, रामनवमी, दुर्गापूजा, विजयदशमी, कृष्ण जन्माष्टमी जैसे पर्व भी प्रभावित होते थे. कांवड़ यात्रा तक नहीं निकलने दी जाती थी.
विकास और सुरक्षा ही पहली प्राथमिकता
योगी ने पूर्वी उत्तर प्रदेश में इंसेफेलाइटिस की समस्या का जिक्र करते हुए कहा कि पिछली सरकारों की उदासीनता के कारण हजारों बच्चों की मौत हुई, लेकिन सरकारें जनता की पीड़ा के प्रति संवेदनशील नहीं थीं. रोजगार के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले सरकारी नौकरियों पर “सैफई सिंडिकेट” का कब्जा रहता था, जबकि उनकी सरकार ने पिछले नौ वर्षों में 9 लाख से अधिक युवाओं को बिना भेदभाव सरकारी नौकरी दी है. उन्होंने बताया कि एक जिला-एक उत्पाद (ODOP) योजना से पारंपरिक उद्योगों को नया जीवन मिला और सवा तीन करोड़ युवाओं व कारीगरों ने अपने उद्यम शुरू किए, जबकि 65 लाख लोगों को निजी निवेश के जरिए रोजगार मिला.
माफिया और मच्छर के खौफ से मुक्त हुआ गोरखपुर
गोरखपुर के विकास का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय शहर गुंडों, माफियाओं और इंसेफेलाइटिस के लिए बदनाम था. आज सुरक्षा और बेहतर माहौल के कारण बड़े पैमाने पर निवेश आया है. उन्होंने बताया कि गीडा (GIDA) में ही 50 हजार युवाओं को रोजगार मिला है और अब गोरखपुर लोगों की पहली पसंद बन चुका है.
नौकरियों और चीनी मिलों के मुद्दे पर घेरा
चीनी मिलों के मुद्दे पर भी मुख्यमंत्री ने विपक्ष को घेरा. उन्होंने कहा कि 2007 से 2017 के बीच 29 चीनी मिलें बंद कर दी गईं, जिनमें से 21 मिलों को औने-पौने दामों पर बेच दिया गया. उन्होंने दावा किया कि पडरौना चीनी मिल को मात्र 2 करोड़ रुपये में बेचा गया, जबकि उसकी जमीन की कीमत ही करीब 200 करोड़ रुपये थी. मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार सुरक्षा, सुशासन और बिना भेदभाव विकास के संकल्प के साथ काम कर रही है और प्रदेश में निवेश, रोजगार तथा आधारभूत ढांचे के विस्तार को लगातार गति दी जा रही है.


