‘हे कन्हैया याद है कुछ भी हमारी’ सुनते ही कई श्रद्धालु भावुक हो जाते हैं. यह रचना लंबे समय से भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति से जोड़कर गाई जाती रही है. इसे सुनते समय कई लोगों की आंखें नम हो जाती हैं और वे इसे एक भजन के रूप में स्वीकार करते हैं. हालांकि बहुत कम लोग जानते हैं कि जिसे आमतौर पर भजन समझा जाता है, वह वास्तव में एक कव्वाली है.
बारिश में बाइक और कार चलाते समय 10 जरूरी सावधानियां, हादसों से बचा सकती हैं!
पाकिस्तान में हुई थी इस कव्वाली की प्रस्तुति
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर लोकप्रिय कहानीकार लक्ष माहेश्वरी ने अपने एक वीडियो में इस रचना से जुड़ी दिलचस्प जानकारी साझा की है. उनके अनुसार, ‘हे कन्हैया याद है कुछ भी हमारी’ कोई भजन नहीं, बल्कि एक कव्वाली है. उन्होंने बताया कि इस कव्वाली की प्रस्तुति पाकिस्तान के कराची में मशहूर कव्वाल उस्ताद फरीद अयाज और अबू मोहम्मद ने की थी.
दक्खन के सूफी शायर ने लिखी थी यह रचना
लक्ष माहेश्वरी के मुताबिक, इस कव्वाली को दक्खन के सूफी शायर नवाब सादिक जंग बहादुर ‘हिल्म’ ने लिखा था. इस रचना में भगवान श्रीकृष्ण को केवल ईश्वर के रूप में नहीं, बल्कि एक महबूब और आध्यात्मिक प्रेम के प्रतीक के रूप में भी याद किया गया है. यही वजह है कि इसमें सूफी विचारधारा और भक्ति भाव का सुंदर मेल देखने को मिलता है.
भक्ति और सूफी परंपरा का अनूठा संगम
अपने वीडियो में लक्ष माहेश्वरी कहते हैं कि जब कोई श्रीकृष्ण को अपना महबूब मान लेता है तो सरहदों का कोई अर्थ नहीं रह जाता. उनके अनुसार, देशों की सीमाएं इंसान बनाता है, लेकिन प्रेम और भक्ति की कोई सीमा नहीं होती. पहली बार सुनने पर यह रचना भजन जैसी लगती है, लेकिन इसकी शैली कव्वाली की है. उन्होंने सूफी परंपरा की भी सराहना करते हुए कहा कि यह लोगों को प्रेम और आध्यात्मिकता से जोड़ती है.
संगीत जो दिलों को जोड़ देता है
लक्ष माहेश्वरी का मानना है कि इस कव्वाली को सुनते समय धर्म की पहचान पीछे छूट जाती है और केवल श्रीकृष्ण के प्रति प्रेम का भाव रह जाता है. यही इसकी सबसे बड़ी खूबसूरती है कि यह लोगों को भक्ति और इंसानियत के साझा एहसास से जोड़ती है.
सावन में मेहंदी लगाने का शुभ दिन कौन सा? जानिए धार्मिक मान्यता और सही समय
सोशल मीडिया पर भी खूब लोकप्रिय हैं लक्ष माहेश्वरी
बता दें कि लक्ष माहेश्वरी सोशल मीडिया पर इतिहास, संस्कृति और रोचक जानकारियों से जुड़े वीडियो साझा करते रहते हैं. इंस्टाग्राम पर उन्हें 20 लाख से अधिक लोग फॉलो करते हैं और उनके वीडियो बड़ी संख्या में देखे जाते हैं.


