India Weather Alert: देशभर में होली की तैयारियां जोरों पर हैं, लेकिन त्योहार से ठीक पहले मौसम ने अचानक करवट ले ली है. राजधानी दिल्ली से लेकर उत्तर भारत के कई राज्यों में मार्च की शुरुआत के साथ ही गर्मी ने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं. मार्च के पहले ही दिन दिल्ली-एनसीआर में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो संकेत देता है कि इस बार गर्मी सामान्य से पहले दस्तक दे चुकी है. मौसम विभाग (IMD) का अनुमान है कि मार्च से मई के बीच देश के अधिकांश हिस्सों में लू वाले दिनों की संख्या सामान्य से अधिक रह सकती है.
आईएमडी के अनुसार फरवरी में भी अपेक्षाकृत कम ठंड पड़ी, जिससे यह संकेत मिला कि इस वर्ष गर्मी जल्दी और अधिक तीव्र हो सकती है. मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि उत्तर प्रदेश समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में अधिकतम ही नहीं, बल्कि न्यूनतम तापमान भी औसत से ऊपर रह सकता है. इसका असर यह होगा कि दिन के साथ-साथ रात में भी गर्माहट महसूस होगी.
आईएमडी की मासिक रिपोर्ट बताती है कि मार्च से मई के दौरान उत्तर और मध्य भारत में तापमान क्रमिक रूप से बढ़ेगा. वहीं पूर्वोत्तर, दक्षिण भारत और पहाड़ी क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर गरज-चमक, हल्की बारिश और तेज हवाओं की संभावना बनी रह सकती है. पश्चिमी राजस्थान, गुजरात, हरियाणा, पंजाब, दक्षिण व पूर्वी महाराष्ट्र, पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदान, ओडिशा, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, उत्तरी कर्नाटक और उत्तरी तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में लू का प्रभाव अधिक रहने की आशंका है.
उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से 4 से 7 डिग्री सेल्सियस तक अधिक जा सकता है. हालांकि 4 मार्च की रात से एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिससे पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में मौसम में बदलाव आएगा. इसका असर जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में 4 से 7 मार्च के बीच हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी के रूप में दिख सकता है, जबकि निचले क्षेत्रों में ठंडी हवाएं चल सकती हैं.
दिल्ली में अगले सात दिनों तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. न्यूनतम तापमान में शुरुआती 24 घंटों में बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद 2 से 3 डिग्री की वृद्धि संभव है. अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर बना रह सकता है. दिन में 15 से 25 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, जो 3 मार्च को 35 किमी/घंटा तक पहुंच सकती हैं.
उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में भी तापमान धीरे-धीरे बढ़ेगा. मैदानी इलाकों में अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान 2 से 5 डिग्री तक बढ़ सकता है. बिहार और झारखंड में फिलहाल बड़ा बदलाव नहीं दिखेगा, लेकिन तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री ऊपर जा सकता है.
दिल्ली की बेटियां बनेंगी ‘लखपति’! 1 अप्रैल से शुरू होगी नई बड़ी योजना
आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने चेतावनी दी है कि लंबे समय तक चलने वाली लू स्वास्थ्य, पानी की उपलब्धता और बिजली की मांग पर असर डाल सकती है. बुजुर्गों, बच्चों और बाहर काम करने वालों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.


