India Weather Alert: उत्तर-पश्चिम भारत के कई राज्यों में इन दिनों तापमान लगातार बढ़ रहा है और गर्मी का असर धीरे-धीरे तेज होता जा रहा है. इसी बीच मौसम विभाग ने देश के पांच राज्यों में बारिश और बर्फबारी को लेकर अलर्ट जारी किया है. बारिश की गतिविधियों के कारण प्रभावित क्षेत्रों में सुबह और शाम के तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है. साथ ही पंजाब के कुछ हिस्सों में 28 फरवरी तक सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई गई है.
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अगले सात दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है. गुजरात और महाराष्ट्र में भी तापमान में इजाफा होने के आसार हैं. हालांकि दो सक्रिय पश्चिमी विक्षोभों के प्रभाव से 27 से 28 फरवरी और फिर 2 से 4 मार्च के बीच जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है.
एपस्टीन फाइल्स से सामने आई तस्वीर ने मचाया बवाल, दो महिलाओं के बीच दिखे स्टीफन हॉकिंग
पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में भी बारिश के आसार
मौसम विभाग ने पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में भी वर्षा को लेकर चेतावनी जारी की है. 26 फरवरी को अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. वहीं 27 और 28 फरवरी को उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में गरज-चमक के साथ वर्षा की संभावना जताई गई है. इसके अलावा केरल, तमिलनाडु, असम और मेघालय में भी गरज और बिजली गिरने को लेकर अलर्ट जारी किया गया है.
दिल्ली-एनसीआर का मौसम
दिल्ली-एनसीआर में 27 फरवरी से मार्च की शुरुआत तक मौसम साफ रहने की संभावना है. इस दौरान अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होगी और पारा 29 से 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. हालांकि सुबह के समय हल्की धुंध देखने को मिल सकती है. फिलहाल क्षेत्र में बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है.
उत्तर प्रदेश में बढ़ेगी गर्मी
उत्तर प्रदेश में भी आने वाले दिनों में तापमान में क्रमिक वृद्धि होने के संकेत हैं. IMD के मुताबिक अधिकतम तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया जा सकता है. यानी प्रदेश में अगले सात दिनों तक गर्मी में लगातार बढ़ोतरी होने की संभावना है. हालांकि राज्य में कहीं भी बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया गया है.
बिहार में भी तापमान चढ़ेगा
बिहार में भी गर्मी का असर बढ़ता नजर आ रहा है. मार्च की शुरुआत के साथ राज्य में तापमान करीब 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है. हालांकि अगले दो दिनों तक मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा. राज्य में फिलहाल बारिश की कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है.
हिमाचल प्रदेश में बारिश-बर्फबारी का अलर्ट
हिमाचल प्रदेश में अभी ठंड का असर बना हुआ है. मौसम विभाग ने 27 फरवरी को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई है. इसके अलावा 2 से 4 मार्च के दौरान भी वर्षा होने के आसार हैं.
उत्तराखंड में भी बदलेगा मौसम
उत्तराखंड में मौसम सामान्य से थोड़ा गर्म जरूर हुआ है, लेकिन 27 फरवरी को कुछ इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है. 2 से 4 मार्च के बीच भी बारिश हो सकती है. ऐसे में पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम में अस्थायी बदलाव देखने को मिल सकता है.
जहां उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी क्षेत्रों में तापमान में तेजी से बढ़ोतरी के संकेत हैं, वहीं पहाड़ी राज्यों और कुछ पूर्वोत्तर व दक्षिणी इलाकों में बारिश और बर्फबारी से मौसम में आंशिक राहत मिल सकती है.


