Nagpur Flyover: नागपुर के लोगों को ट्रैफिक जाम से बड़ी राहत मिलने वाली है. शहर के सबसे लंबे फ्लाईओवर इंदोरा चौक-दिघोरी चौक एलिवेटेड कॉरिडोर को शनिवार से आम लोगों के लिए खोल दिया गया. भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की ओर से करीब 998 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस फ्लाईओवर की लंबाई 8.90 किलोमीटर है. इसका उद्घाटन महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी करेंगे. फ्लाईओवर का नाम डॉ. केशव बलिरामपंत हेडगेवार फ्लाईओवर रखा गया है.
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ को मिलेगी रफ्तार की नई उड़ान! रायपुर से विशाखापट्टनम 5 घंटे में, 3 राज्यों को जोड़ेगा 6-लेन एक्सप्रेसवे
45-50 मिनट का सफर अब 15-20 मिनट में
इंदोरा चौक से दिघोरी चौक के बीच का रास्ता नागपुर के सबसे व्यस्त इलाकों में शामिल है. अभी पीक आवर्स में इस दूरी को तय करने में करीब 45 से 50 मिनट लग जाते हैं. सिग्नल-फ्री एलिवेटेड कॉरिडोर शुरू होने के बाद यही सफर करीब 15 से 20 मिनट में पूरा होने की उम्मीद है. इससे उत्तर नागपुर से दक्षिण नागपुर जाने वाले वाहनों को घनी आबादी वाले बाजारों और चौराहों के बीच से गुजरने की जरूरत कम होगी. इससे शहर की मुख्य सड़कों पर भी ट्रैफिक का दबाव घट सकता है.
इन इलाकों को मिलेगा सबसे ज्यादा फायदा
कमाल चौक और पांचपावली: घनी आबादी वाले इस क्षेत्र में ट्रैफिक का दबाव कम होने की उम्मीद है. अशोक चौक और शीतला माता चौक: सेंट्रल एवेन्यू रोड से जुड़ने वाले प्रमुख चौराहों पर वाहनों की लंबी कतार से राहत मिल सकती है. दिघोरी चौक और उमरेड रोड: दक्षिण नागपुर के इस प्रमुख प्रवेश मार्ग पर आवागमन आसान होगा. डागा मेमोरियल महिला अस्पताल: अस्पताल के पास विशेष डाउन-रैंप बनाया गया है, जिससे मरीजों और एंबुलेंस की आवाजाही आसान होगी.
आधुनिक तकनीक से तैयार हुआ फ्लाईओवर
राष्ट्रीय राजमार्ग NH-353D पर बने इस एलिवेटेड कॉरिडोर को आधुनिक तकनीक से तैयार किया गया है. करीब 12 मीटर चौड़े टू-लेन फ्लाईओवर पर दोनों दिशाओं के ट्रैफिक को संभालने की व्यवस्था है. अग्रसेन चौक पर फ्लाईओवर एक स्तर पर है, जबकि दूसरे स्तर से मेट्रो गुजरती है. इस तरह सीमित जगह में सड़क और मेट्रो दोनों के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया गया है.
यह भी पढ़ें- बुंदेलखंड में बनेगा नया एक्सप्रेसवे, चित्रकूट से सतना-रीवा-जबलपुर तक हाईस्पीड कनेक्टिविटी
3 साल में हुआ तैयार
फ्लाईओवर का निर्माण कार्य 1 जुलाई 2023 से शुरू हुआ था और करीब तीन साल में इसे तैयार किया गया. पूरे कॉरिडोर में 3 बड़े और 11 छोटे जंक्शन शामिल हैं. इसके अलावा पांचपावली के पुराने रेलवे ओवरब्रिज (ROB) को हटाकर उसकी जगह नया आधुनिक ROB भी तैयार किया गया है. नए एलिवेटेड कॉरिडोर के शुरू होने के बाद नागपुर के उत्तर और दक्षिण हिस्सों के बीच सफर तेज होने के साथ शहर के कई प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक दबाव कम होने की उम्मीद है.


