Rajasthan Weather Update: राजस्थान में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है. प्रदेश के कई हिस्सों में जहां एक ओर भीषण गर्मी और लू का असर बना हुआ है, वहीं दूसरी ओर कुछ इलाकों में आंधी, तेज हवाओं और मेघगर्जन की गतिविधियां बढ़ने लगी हैं. मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर द्वारा जारी ताजा ‘नाउकास्ट’ चेतावनी के अनुसार, राज्य के पूर्वी और मध्य हिस्सों में अगले कुछ घंटों के दौरान मौसम अचानक बदल सकता है. विभाग ने जयपुर और अजमेर संभाग समेत कुल 9 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है.
इन जिलों में मेघगर्जन और गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार जयपुर, अजमेर, टोंक, सवाई माधोपुर, करौली, बूंदी, कोटा और बारां जिलों में कई स्थानों पर हल्के से मध्यम स्तर की मेघगर्जन और गरज-चमक देखने को मिल सकती है. इन इलाकों में अचानक तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है. विभाग का अनुमान है कि हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. धूलभरी आंधी और बादलों की आवाजाही के कारण तापमान में हल्की गिरावट दर्ज हो सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिलने के आसार हैं.
आखिर क्या है आसिया फारूकी का ‘मैजिक फॉर्मूला’? जिससे बदहाल सरकारी स्कूल बन गया हाई-टेक स्मार्ट स्कूल
विशेष सावधानी बरतने की सलाह
मौसम विभाग ने खराब मौसम को देखते हुए लोगों के लिए विशेष सावधानी बरतने की सलाह जारी की है. विभाग ने कहा है कि मेघगर्जन और बिजली चमकने के दौरान लोग पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें. साथ ही खराब मौसम के समय सुरक्षित स्थानों या पक्के मकानों के भीतर ही रहें. तेज हवाओं के कारण कमजोर ढांचों, कच्ची दीवारों और खुले स्थानों से दूरी बनाए रखने की भी सलाह दी गई है.
तप रहा पश्चिमी राजस्थान
इधर पश्चिमी राजस्थान में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है. जैसलमेर, बाड़मेर, फलोदी और बीकानेर जैसे जिलों में तापमान लगातार नए रिकॉर्ड बना रहा है. जैसलमेर में अधिकतम तापमान 45.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे गर्म दिन माना जा रहा है. वहीं बाड़मेर में पारा 44.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि फलोदी में तापमान करीब 43.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. बीकानेर संभाग में भी तेज गर्मी और लू का असर बना हुआ है.
तेज लू चलने की आशंका
मौसम विभाग ने जोधपुर और बीकानेर संभाग के सीमावर्ती इलाकों के लिए भी येलो अलर्ट जारी किया है. विभाग के मुताबिक अगले 48 घंटों के दौरान इन क्षेत्रों में तेज लू चलने की आशंका है. दोपहर के समय 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म और धूलभरी हवाएं चल सकती हैं, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ सकती है.
नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय
मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार 10 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय हो सकता है. इसके प्रभाव से 11 से 13 मई के बीच पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में धूलभरी आंधी, गरज-चमक और हल्की बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं. हालांकि पश्चिमी राजस्थान के जिलों में फिलहाल गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है और वहां 13 मई तक हीटवेव का असर जारी रह सकता है.
‘हमसे दो गलतियां हुईं… अब हम टारगेट पर हैं’, ममता से मुलाकात के बाद अखिलेश यादव का बड़ा बयान
स्वास्थ्य विभाग ने भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. विभाग ने कहा है कि दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच बिना जरूरी काम के बाहर निकलने से बचें. शरीर में पानी की कमी न हो इसके लिए अधिक मात्रा में तरल पदार्थों का सेवन करें और धूप से बचाव के उपाय अपनाएं.


