Rajasthan Weather Update: राजस्थान के मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है. उत्तर भारत में सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) के प्रभाव से प्रदेश में सर्दी का असर फिलहाल कमजोर पड़ा है. राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है.
शेखावाटी क्षेत्र में सुबह और शाम के समय सर्द हवाओं के कारण ठंड का असर अब भी बना हुआ है. वहीं, पूर्वी राजस्थान के कुछ जिलों में सुबह के समय कोहरे का प्रभाव देखने को मिल रहा है.
बीकानेर संभाग के अलावा जैसलमेर, जोधपुर, नागौर, झुंझुनूं और सीकर सहित कई इलाकों में दिनभर हल्के बादल छाए रहे. इन बादलों के चलते उत्तर दिशा से आने वाली ठंडी हवाएं कमजोर रहीं, जिससे लोगों को शीतलहर और कड़ाके की सर्दी से राहत मिली. मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, प्रदेश में आगामी 3 से 4 दिनों तक मौसम शुष्क बना रहेगा, इसके बाद मौसम में बदलाव की संभावना है.
न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई
मौसम विभाग की दैनिक रिपोर्ट के अनुसार, प्रदेश में मौसम सामान्यतः ड्राय रहा. भीलवाड़ा, जयपुर, पिलानी, सीकर, बाड़मेर, जोधपुर, माउंट आबू, चूरू, श्रीगंगानगर, नागौर, दौसा और झुंझुनूं के न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है. वहीं, अलवर, कोटा, जैसलमेर और बीकानेर के तापमान में भी कमी देखने को मिली. अधिकतम तापमान की बात करें तो जोधपुर में सबसे अधिक 30.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान माउंट आबू में 7.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. राज्य में आर्द्रता का औसत स्तर लगभग 35 से 60 प्रतिशत के बीच रहा.
Early Dinner Benefits: लेट नाइट डिनर छोड़ें, जल्दी खाएं और देखें 6 ऐसा बदलाव जो जिंदगी बदल देंगे!
अलग-अलग जिलों तापमान
फॉरकास्ट रिपोर्ट के अनुसार, अजमेर में अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस, भीलवाड़ा में 27.0, अलवर में 25.0, जयपुर में 26.8, पिलानी में 27.6, सीकर में 27.0, कोटा में 26.7, चित्तौड़गढ़ में 28.8, बाड़मेर में 29.4, जैसलमेर में 26.0, जोधपुर में 30.5, बीकानेर में 29.0, चूरू में 28.3, श्रीगंगानगर में 24.5, माउंट आबू में 24.5, नागौर में 27.8, डूंगरपुर में 25.9, जालौर में 29.4, सिरोही में 23.0, फतेहपुर (सीकर) में 28.3, करौली में 24.4, दौसा में 26.8 और झुंझुनूं में 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
18 दिसंबर से पश्चिमी विक्षोभ होगा एक्टिव
राजस्थान में आने वाले दिनों तक मौसम का मिजाज शुष्क बना रहने की संभावना है. अगले तीन से चार दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है. मौसम विभाग के अनुसार 18 दिसंबर से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिसके प्रभाव से प्रदेश के मौसम में आंशिक बदलाव देखने को मिल सकता है.


