UP Textile Park: उत्तर प्रदेश में टेक्सटाइल और अपैरल उद्योग को नई रफ्तार देने की तैयारी है. प्रदेश सरकार मऊ, कानपुर नगर, कानपुर देहात, सीतापुर और रायबरेली में संत कबीर टेक्सटाइल एवं अपैरल पार्क विकसित करने का प्रस्ताव तैयार कर रही है. इस प्रस्ताव को अगले महीने होने वाली कैबिनेट बैठक में रखा जाएगा.
यह भी पढ़ें- दिल्ली में ट्रैफिक चालान का बदला नियम! कोर्ट जाने से पहले भरनी होगी इतना रकम, जानें पूरा प्रोसेस
इन पांच जिलों में बंद कताई मिलों की जमीन को टेक्सटाइल पार्क के लिए चिह्नित किया गया है. संबंधित जिलाधिकारियों से जमीन की पैमाइश कराकर वास्तविक स्थिति की रिपोर्ट मांगी गई है. इसके आधार पर तय किया जाएगा कि प्रत्येक जिले में पार्क के लिए कितनी जमीन उपलब्ध है. जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त भूमि की व्यवस्था भी की जाएगी.
इन 5 जिलों में बनेगा टेक्सटाइल पार्क
संत कबीर टेक्सटाइल एवं अपैरल पार्क योजना के तहत जिन जिलों को प्रस्तावित किया गया है, उनमें मऊ, कानपुर नगर, कानपुर देहात, सीतापुर, रायबरेली का नाम शामिल हैं, भूमि की स्थिति स्पष्ट होने के बाद हस्तशिल्प, खादी एवं वस्त्रोद्योग विभाग इन क्षेत्रों में जरूरी आधारभूत ढांचा विकसित करेगा. पार्क तैयार होने के बाद निवेशकों को औद्योगिक गतिविधियों के लिए भूमि आवंटित की जाएगी.
गुजरात-महाराष्ट्र के उद्यमियों ने दिखाई दिलचस्पी
अधिकारियों के मुताबिक दूसरे राज्यों के कपड़ा उद्यमियों ने उत्तर प्रदेश में निवेश करने में रुचि दिखाई है. अहमदाबाद, सूरत और मुंबई के ऐसे कारोबारी यूपी में इकाइयां लगाने की इच्छा जता रहे हैं, जिनके उत्पाद पहले से उत्तर प्रदेश समेत बिहार, छत्तीसगढ़ और झारखंड के बाजारों में पहुंचते हैं. उद्यमियों के लिए उत्तर प्रदेश में अपेक्षाकृत कम लागत पर उत्पादन और बाजार तक कम समय में सामान पहुंचाने की संभावना अहम है. वहीं गुजरात और महाराष्ट्र में टेक्सटाइल इकाइयों की संख्या अधिक होने के कारण औद्योगिक स्थान की मांग भी बढ़ी है. इसी को देखते हुए यूपी में नए टेक्सटाइल पार्क विकसित करने की तैयारी की जा रही है.
पहले से इन 5 जगहों पर चल रहा काम
उत्तर प्रदेश में पांच अन्य स्थानों पर संत कबीर टेक्सटाइल एवं अपैरल पार्क पहले से विकसित किए जा रहे हैं. इनमें वाराणसी में 75 एकड़, अमरोहा में 78 एकड़, बहेड़ी, बरेली में 80 एकड़, संतकबीर नगर में 50 एकड़, बिजनौर में 53 एकड़ पर काम चल रहा है, बता दें कि इन पार्कों में अवस्थापना सुविधाओं को विकसित करने का काम किया जा रहा है. संतकबीर नगर में पार्क के लिए अतिरिक्त जमीन की तलाश भी की जा रही है.
यह भी पढ़ें- मुंबई मेट्रो का महाविस्तार! 374 KM में दौड़ेगी Metro, 130 स्टेशन से जुड़ेगा ठाणे-कल्याण से नवी मुंबई एयरपोर्ट तक
मंत्री बोले- निवेशकों के लिए तैयार किया जा रहा माहौल
हस्तशिल्प एवं वस्त्रोद्योग खादी मंत्री राकेश सचान के मुताबिक प्रदेश में औद्योगिक विकास तेजी से हो रहा है और कपड़ा उद्योग की मांग को देखते हुए अतिरिक्त टेक्सटाइल पार्क विकसित किए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि प्रदेश में जमीन उपलब्ध है और दूसरे राज्यों के निवेशकों ने यूपी में निवेश की इच्छा जताई है. वहीं मंत्री के अनुसार, अगले महीने तक कैबिनेट में प्रस्ताव रखा जाएगा. मंजूरी मिलने के बाद संबंधित क्षेत्रों में आधारभूत ढांचा विकसित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी.


