UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में पिछले दो दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है. प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है, जिससे गर्मी से राहत मिली है. हालांकि तेज आंधी और खराब मौसम के कारण कई स्थानों पर नुकसान की खबरें भी सामने आई हैं. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले कुछ दिनों तक राज्य के अधिकांश इलाकों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं. कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश की भी संभावना जताई गई है.
आंधी-बारिश से हुआ नुकसान
हाल के दिनों में प्रदेश में आई आंधी और बारिश ने जनजीवन को प्रभावित किया है. कई स्थानों पर पेड़ और बिजली के खंभे गिरने की घटनाएं सामने आई हैं. खराब मौसम से जुड़े हादसों में कुछ लोगों की जान जाने की भी सूचना है. इसी को देखते हुए मौसम विभाग ने नागरिकों से सावधानी बरतने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है.
वाराणसी, लखनऊ और प्रयागराज समेत कई जिलों में येलो अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार पूर्वी और मध्य उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश और बिजली गिरने की आशंका बनी हुई है. कुछ क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है.
मौसम विभाग ने सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, गाजीपुर, प्रयागराज, बलिया, मऊ, संत रविदास नगर, कौशांबी, फतेहपुर, कानपुर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, गोंडा, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, आजमगढ़, अंबेडकरनगर, अयोध्या, अमेठी, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, रायबरेली और जौनपुर में आंधी और बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है.
नोएडा-गाजियाबाद सहित कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट
राज्य के पश्चिमी और बुंदेलखंड क्षेत्र के कई जिलों के लिए मौसम विभाग ने अधिक सतर्कता बरतने की सलाह दी है. चित्रकूट, बांदा, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, ज्योतिबा फुले नगर, मेरठ, बागपत, बुलंदशहर, हापुड़, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, संभल, रामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, सीतापुर, जालौन, कानपुर देहात, औरैया, इटावा, कन्नौज, हरदोई, फर्रुखाबाद, मैनपुरी, कांशीरामनगर, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, महामायानगर, बरेली, पीलीभीत, खीरी और बदायूं में आंधी-तूफान तथा भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.
दिल्ली-एनसीआर और बिहार में भी मौसम सक्रिय
दिल्ली-एनसीआर में भी मौसम अपेक्षाकृत सुहाना बना रह सकता है. मौसम विभाग के अनुसार आसमान में बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है. इससे तापमान में गिरावट आ सकती है और लोगों को गर्मी तथा लू से राहत मिल सकती है.
वहीं बिहार, पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के कई इलाकों में भी गरज-चमक के साथ बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है. बिहार और झारखंड में तेज हवाओं और बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है. ऐसे में लोगों को मौसम विभाग की सलाह का पालन करने और खराब मौसम के दौरान अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है.


