UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में पिछले एक सप्ताह से जारी आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का दौर अब थम चुका है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के ताजा बुलेटिन के अनुसार 11 अप्रैल से प्रदेश के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा. पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ने के साथ ही अब तेज धूप और गर्मी का असर बढ़ेगा. मौसम वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि आने वाले एक सप्ताह में तापमान करीब 10 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है, जिससे कई जिलों में पारा 45 डिग्री के पार जाने की आशंका है.
बारिश खत्म, अब बढ़ेगी गर्मी
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक फिलहाल प्रदेश में किसी नए मौसमी सिस्टम के सक्रिय होने की संभावना नहीं है. अगले 15 दिनों तक मौसम शुष्क बना रहेगा. साफ आसमान के कारण तापमान में तुरंत 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी. 15 अप्रैल के बाद भी बारिश की कोई उम्मीद नहीं है, जिससे साफ है कि अब लोगों को भीषण गर्मी और ‘लू’ के लिए तैयार रहना होगा.
पश्चिमी यूपी में गर्मी का असर तेजगाजियाबाद सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पिछले दिनों की हल्की बारिश अब थम गई है. 11 अप्रैल को सुबह से ही तेज धूप निकलने लगी है. पिछले 36 घंटों में तापमान करीब 3 डिग्री बढ़ चुका है. हालांकि सुबह के समय 18 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हवाओं ने थोड़ी राहत दी, लेकिन दोपहर में तापमान 30 से 32 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है. अगले एक सप्ताह में यहां पारा 40 डिग्री के पार जा सकता है.
इन जिलों में बढ़ेगा तापमान
मौसम विभाग के अनुसार प्रयागराज, वाराणसी, आगरा और कानपुर समेत कई जिलों में गर्मी का असर तेज रहेगा. यहां तापमान 40 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है और सूरज के तेवर काफी सख्त रहेंगे.
किसानों के लिए राहत
जहां आम लोगों के लिए यह गर्मी परेशानी का कारण बनेगी, वहीं किसानों के लिए यह मौसम राहत लेकर आया है. हाल ही में हुई बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से गेहूं की कटी फसल भीग गई थी. अब तेज धूप निकलने से फसल जल्दी सूख सकेगी, जिससे मड़ाई का काम तेजी से पूरा होगा और दानों के खराब होने का खतरा कम होगा.
पिछले 48 घंटे का हाल
पिछले दो दिनों में उत्तर प्रदेश के 50 से ज्यादा जिलों में बारिश दर्ज की गई. लखीमपुर खीरी में सबसे अधिक 15 मिमी बारिश हुई. वहीं कानपुर और लखनऊ में हल्की बूंदाबांदी से मौसम सुहावना बना रहा. गुरुवार को जालौन 35.8 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म जिला रहा, जबकि बिजनौर में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री तक दर्ज किया गया.
स्वास्थ्य के लिए सावधानी जरूरी
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार तापमान में अचानक बढ़ोतरी से स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ सकती हैं. लोगों को सलाह दी गई है कि दोपहर 12 बजे से 4 बजे के बीच धूप में बाहर निकलने से बचें. शरीर को हाइड्रेट रखें, अधिक से अधिक तरल पदार्थ लें और बाहर जाते समय सूती कपड़े पहनें. साथ ही सिर को ढकने के लिए टोपी या गमछे का उपयोग करें.
गंगा एक्सप्रेस-वे बनेगा तरक्की का इंजन! व्यापारियों की हुंकार, अब और इंतजार नहीं
क्या है बड़ा बदलाव?
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ते ही बारिश और ओलावृष्टि का सिलसिला खत्म हो जाएगा. अब आसमान साफ रहेगा और तेज धूप के कारण तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होगी, जिससे प्रदेश में गर्मी का असर और अधिक बढ़ जाएगा.


