UP Weather Alert 26 January: उत्तर प्रदेश में मौसम का लगातार बदलता हाल अब फिर एक बार नजर आने लगा है. बारिश के बाद अब कोहरे को लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है. अनुमान है कि सोमवार, 26 जनवरी को प्रदेश के 32 से अधिक जिलों में कोहरे की सफेद चादर दिखाई दे सकती है.
मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटे में प्रदेश के अलग-अलग जिलों में अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा. हालांकि न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है. इसके बाद तापमान में स्थिरता और थोड़ा उछाल देखने को मिल सकता है.
Optical Illusion: आंखों को धोखा देने वाली तस्वीर, 90% लोग चूहा नहीं ढूंढ पाए
लखनऊ और आसपास का मौसम
लखनऊ के अमौसी स्थित आंचलिक मौसम केंद्र के अनुसार 26 जनवरी को पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में कोहरा छाएगा. राजधानी लखनऊ में सोमवार को मौसम साफ रहेगा. न्यूनतम तापमान लगभग 11 डिग्री और अधिकतम तापमान करीब 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. हालांकि अगले 24 घंटे में लखनऊ में मौसम का रुख बदल सकता है और 48 घंटे बाद बादलों की आवाजाही देखने को मिलेगी.
दिल्ली से सटे नोएडा में सोमवार सुबह हल्का कोहरा रहेगा, लेकिन मंगलवार को यहां बादलों के साथ हल्की बूंदाबांदी की संभावना है.
कोहरे वाले जिलों की सूची
सोमवार को सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बागपत, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीबंगा, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, गोंडा, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, गोरखपुर, संतकबीरनगर, महाराजगंज, कुशीनगर, बलिया और देवरिया जिलों में 100 से 500 मीटर की दृश्यता वाला कोहरा छाया रहेगा.
वहीं, वाराणसी, प्रयागराज, मिर्जापुर, चंदौली, चित्रकूट, अमेठी, आगरा, झांसी, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, अयोध्या, कानपुर, बस्ती, बाराबंकी, आजमगढ़, मऊ और अमेठी में आसमान साफ रहेगा और धूप खिली रहेगी.
नया पश्चिमी विक्षोभ
बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव के अनुसार उत्तर पश्चिम भारत पर एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जो प्रदेश के मौसम को प्रभावित करेगा. इसके अलावा, 30 जनवरी को हिमालयी क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिससे तापमान में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है.


