Tech Desk: एक तरफ जहां गूगल लगातार नई-नई डिजिटल सेवाएं लॉन्च कर रहा है, वहीं दूसरी ओर कंपनी अपनी कुछ पुरानी और कम इस्तेमाल होने वाली सर्विसेज को बंद करने का भी फैसला कर रही है. हाल के दिनों में गूगल ने कई सेवाओं को बंद करने का ऐलान किया है. कुछ समय पहले कंपनी ने अपने एक वॉइस असिस्टेंट टूल को बंद करने की घोषणा की थी और अब गूगल ने अकाउंट सिक्योरिटी से जुड़ी एक अहम सर्विस को भी बंद करने का निर्णय लिया है.
यह सर्विस यूजर्स को उनके अकाउंट से जुड़ी सुरक्षा जानकारी देती थी और खासतौर पर यह बताती थी कि उनका ई-मेल एड्रेस कहीं डार्क वेब पर लीक तो नहीं हुआ है.
Google Search में बड़ा बदलाव: अब इस तरह खोजेंगे लोग, वेबसाइट मालिक ध्यान दें
2023 में लॉन्च हुई थी यह सर्विस
गूगल ने इस सर्विस को साल 2023 में लॉन्च किया था. हालांकि, लॉन्च के महज तीन साल बाद ही कंपनी ने इसे बंद करने का फैसला लिया है. गूगल के मुताबिक, यह सर्विस फरवरी 2026 से पूरी तरह बंद हो जाएगी. इसके बाद यूजर्स इस फीचर का इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे.
कंपनी यूजर्स को इस सर्विस की जगह अब दूसरी सिक्योरिटी और प्राइवेसी से जुड़ी सुविधाओं पर रिडायरेक्ट कर रही है. साथ ही, गूगल ने यूजर्स से अपील की है कि वे अपनी डार्क वेब रिपोर्ट से जुड़ी प्रोफाइल को खुद डिलीट कर लें.
क्या करती थी गूगल डार्क वेब रिपोर्ट सर्विस?
गूगल की Dark Web Report Service के जरिए यूजर्स यह पता लगा सकते थे कि उनका ई-मेल एड्रेस या उससे जुड़ी जानकारी डार्क वेब पर मौजूद है या नहीं. यह सर्विस यूजर्स को उनके ई-मेल एड्रेस से संबंधित डार्क वेब रिपोर्ट उपलब्ध कराती थी, जिससे संभावित डेटा ब्रीच के बारे में समय रहते जानकारी मिल जाती थी.
इस सर्विस के बंद होने से करोड़ों यूजर्स के लिए यह जानना थोड़ा मुश्किल हो सकता है कि उनका डेटा किसी साइबर ब्रीच का हिस्सा बना है या नहीं.
कब से बंद होगी सर्विस?
गूगल ने अपने एक ब्लॉग पोस्ट के जरिए इस फैसले की जानकारी दी है. कंपनी के अनुसार—
15 जनवरी 2026 से डार्क वेब ब्रीच की स्कैनिंग पूरी तरह बंद कर दी जाएगी.
इसके बाद 16 फरवरी 2026 से यूजर्स को डार्क वेब रिपोर्ट मिलनी बंद हो जाएगी.
गूगल ने साफ किया है कि प्रोफाइल डिलीट होने के बाद यूजर्स इस सर्विस को दोबारा एक्सेस नहीं कर पाएंगे.
डार्क वेब प्रोफाइल कैसे डिलीट करें?
यूजर्स अपने डार्क वेब प्रोफाइल को पीसी, एंड्रॉयड फोन या आईफोन से आसानी से डिलीट कर सकते हैं. इसके लिए नीचे दिए गए स्टेप्स फॉलो करें—
- सबसे पहले अपने Google Account में लॉगिन करें.
- इसके बाद Dark Web Report वाले सेक्शन में जाएं.
- यहां Info Section में जाकर Edit Monitoring Profile पर क्लिक या टैप करें.
- अब Delete Monitoring Profile के विकल्प पर क्लिक या टैप करें.
कन्फर्म करते ही आपकी प्रोफाइल गूगल के सिस्टम से डिलीट हो जाएगी.
अब कैमरे की कोई जरूरत नहीं! 2026 में AI सेकंडों में बना देगा पूरा प्रोफेशनल HD वीडियो!
नए सिक्योरिटी फीचर्स का करें इस्तेमाल
डार्क वेब रिपोर्ट सर्विस बंद होने के बाद गूगल यूजर्स को अपने दूसरे प्राइवेसी और सिक्योरिटी टूल्स इस्तेमाल करने की सलाह दे रहा है. इनमें शामिल हैं—
- Security Check-up
- Passkey बनाना
- Google Password Manager
इन टूल्स की मदद से यूजर्स अपने अकाउंट की सुरक्षा को और मजबूत कर सकते हैं. इसके अलावा, यूजर्स गूगल सर्च के जरिए अपनी निजी जानकारियों जैसे पता, फोन नंबर या अन्य संवेदनशील जानकारी को इंटरनेट से हटाने के लिए भी रिक्वेस्ट दर्ज कर सकते हैं.
गूगल का यह कदम यूजर्स को अपनी सुरक्षा और प्राइवेसी के लिए नए और अपडेटेड टूल्स अपनाने की दिशा में ले जाने की कोशिश माना जा रहा है.


