Rajasthan Weather Alert: राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम ने अचानक करवट ले ली है. प्रदेश के कई हिस्सों में बादलों की आवाजाही, तेज हवाओं और बारिश ने जनजीवन को प्रभावित किया है. बुधवार को राज्य के 11 से अधिक जिलों में तेज बारिश दर्ज की गई, जबकि जयपुर, सीकर और नागौर समेत कई जिलों में चने के आकार के ओले गिरने की घटनाएं सामने आईं. इस अचानक बदले मौसम ने जहां ठंडक बढ़ाई है, वहीं किसानों की चिंता भी गहरा दी है.
पिछले 24 घंटों के दौरान नागौर, श्रीगंगानगर, पाली, हनुमानगढ़, चूरू और सीकर जिलों में सर्वाधिक वर्षा दर्ज की गई. कई अन्य जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश हुई. बारिश और ओलावृष्टि के कारण अधिकांश जिलों के तापमान में गिरावट देखने को मिली है. खेतों में खड़ी फसलों पर इसका सीधा असर पड़ा है. विशेष रूप से सरसों की तैयार फसल को नुकसान की आशंका जताई जा रही है, क्योंकि तेज हवा और ओलों से दानों के झड़ने और फसल गिरने का खतरा बढ़ गया है.
सफेद दाग से छुटकारा कैसे पाएं? क्या खाएं, क्या पिएं और कैसे रखें त्वचा का ख्याल
मौसम विभाग के अनुसार 20 फरवरी से मौसम में एक बार फिर बदलाव होने की संभावना है. पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बीकानेर, जयपुर, अजमेर, कोटा, उदयपुर और भरतपुर संभाग के कई जिलों में हल्की बारिश हो सकती है. इससे पहले बुधवार को जारी डेली डेटा रिपोर्ट में बताया गया कि राज्य में कहीं-कहीं मेघगर्जन, वज्रपात और ओलावृष्टि के साथ हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई.
तापमान के आंकड़ों पर नजर डालें तो राज्य में सर्वाधिक अधिकतम तापमान फलौदी और बाड़मेर में 32.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं न्यूनतम तापमान हिल स्टेशन माउंट आबू में 10.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. आर्द्रता की औसत मात्रा 20 से 90 प्रतिशत के बीच दर्ज की गई, जो अलग-अलग जिलों में मौसम की स्थिति के अनुसार बदलती रही.
मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए भी अलर्ट जारी किया है. जयपुर, भरतपुर, कोटा, अजमेर और बीकानेर संभाग के कुछ भागों में आंधी, बिजली गिरने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी हो सकती है.
मौसम केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार आज तापमान में हल्की गिरावट दर्ज हो सकती है. हालांकि इसके बाद अगले 5 से 6 दिनों तक मौसम मुख्यतः शुष्क रहने और तापमान में क्रमिक बढ़ोतरी होने की संभावना है. ऐसे में किसानों और आम लोगों को बदलते मौसम के अनुसार सतर्क रहने की सलाह दी गई है.


