Noida News: गौतम बुद्ध नगर के जेवर में बन रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है. एयरपोर्ट को Bureau of Civil Aviation Security (BCAS) से कुछ शर्तों के साथ कंडिशनल सिक्योरिटी क्लीयरेंस मिल गई है. इसके साथ ही एयरपोर्ट संचालन की सबसे बड़ी अड़चन दूर हो गई है और अब उद्घाटन का काउंटडाउन शुरू हो गया है.
अब अगला और अंतिम चरण Directorate General of Civil Aviation (DGCA) की जांच का है. डीजीसीए की टीम इसी हफ्ते एयरपोर्ट का निरीक्षण करेगी. टीम रनवे, टर्मिनल बिल्डिंग, सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी सिस्टम और अन्य तकनीकी सुविधाओं की जांच करेगी. जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट के आधार पर एयरड्रोम लाइसेंस जारी किया जाएगा.
पीएम सूर्य घर योजना: घर पर सोलर पैनल लगवाना हुआ आसान, ऐप से तुरंत आवेदन करें
एयरपोर्ट का पहला चरण विकसित किया जा रहा
अधिकारियों के मुताबिक यदि सभी औपचारिकताएं समय पर पूरी हो जाती हैं तो मार्च के अंतिम दिनों में एयरपोर्ट का उद्घाटन संभव है. एयरड्रोम लाइसेंस मिलते ही प्रधानमंत्री द्वारा इसका उद्घाटन किए जाने की संभावना जताई जा रही है. करीब 1334 हेक्टेयर (लगभग 3300 एकड़) भूमि में इस एयरपोर्ट का पहला चरण विकसित किया जा रहा है. यह देश की सबसे बड़ी एविएशन परियोजनाओं में से एक है. भविष्य में विस्तार के साथ इसका क्षेत्रफल बढ़ाकर 13,000 एकड़ से अधिक करने की योजना है.
1.2 करोड़ यात्रियों को संभालने की क्षमता
यह परियोजना चार चरणों में विकसित की जा रही है. पहले चरण में एक रनवे और टर्मिनल भवन के साथ उड़ानों का संचालन शुरू होगा. बाद में इसे बढ़ाकर 5 से 6 रनवे तक विकसित किया जाएगा. पूरी तरह विकसित होने के बाद एयरपोर्ट हर साल करीब 1.2 करोड़ यात्रियों को संभालने की क्षमता रखेगा.
यूपी के लाखों लोगों को मिलेगा फायदा
एयरपोर्ट शुरू होने से दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी यूपी के लाखों लोगों को बड़ा फायदा मिलेगा. खासकर नोएडा, ग्रेटर नोएडा, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, हाथरस, हापुड़ और गाजियाबाद के लोगों को अब इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक जाने की जरूरत कम पड़ेगी.
लखनऊ लिंक एक्सप्रेसवे: यूपी में बनेगा 6 लेन हाईवे, पूर्वांचल से दिल्ली तक आसान होगा सफर
जल्द खुलेगा नौकरियों का पिटारा
इसके साथ ही एयरपोर्ट के आसपास इंडस्ट्रियल जोन, लॉजिस्टिक हब और व्यावसायिक परियोजनाएं तेजी से विकसित हो रही हैं. इससे क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी और हजारों युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे. विशेषज्ञों का मानना है कि जेवर में बन रहा यह एयरपोर्ट न सिर्फ उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे देश के एविएशन सेक्टर के लिए एक बड़ी उपलब्धि साबित होगा और पश्चिमी यूपी के विकास को नई रफ्तार देगा.


