Saharanpur News: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा परीक्षा 2025 का फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया है. इस बार सहारनपुर के राघवपुरम निवासी ऋषभ जैन ने ऑल इंडिया रैंक (AIR) 163 हासिल कर शानदार सफलता प्राप्त की है. खास बात यह है कि ऋषभ जैन पहले से ही इंडियन रेवेन्यू सर्विस (IRS) के अधिकारी हैं, लेकिन बेहतर रैंक और अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए उन्होंने दोबारा परीक्षा दी. इस रैंक के आधार पर उनके भारतीय पुलिस सेवा (IPS) कैडर में चयन होने की संभावना जताई जा रही है. उनकी इस उपलब्धि से परिवार और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है.
शामली की बेटी ने बढ़ाया यूपी का मान, जानिए कौन हैं आस्था जैन, जिन्होंने UPSC में हासिल की 9वीं रैंक
पहले से IRS अधिकारी
ऋषभ जैन ने इससे पहले सिविल सेवा परीक्षा 2023 में ऑल इंडिया रैंक 377 हासिल की थी, जिसके आधार पर उन्हें IRS सेवा मिली थी. वर्तमान में वह नागपुर में आयकर विभाग में असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ इनकम टैक्स के पद पर कार्यरत हैं. हालांकि पिछली बार मिली रैंक से वह संतुष्ट नहीं थे, इसलिए उन्होंने दोबारा परीक्षा देने का फैसला किया और इस बार बेहतर रैंक हासिल कर अपने लक्ष्य के और करीब पहुंच गए.
2004 में पिता हो चुका था निधन
ऋषभ जैन का जीवन संघर्षों से भी भरा रहा है. उनके पिता राजतिलक जैन का वर्ष 2004 में निधन हो गया था. इसके बाद उनकी मां सुनीता जैन ने परिवार की पूरी जिम्मेदारी संभाली और बेटे को आगे बढ़ने के लिए लगातार प्रेरित किया. सुनीता जैन पेशे से प्रोफेसर हैं और उन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी बेटे की पढ़ाई और सपनों को पूरा करने में अहम भूमिका निभाई.
ऋषभ जैन की पत्नी के बारे में
ऋषभ जैन की शादी चंडीगढ़ निवासी पूर्णिमा सूदन से हुई है. उनकी पत्नी पूर्णिमा भी सिविल सेवा में अधिकारी हैं और भारतीय रेलवे ट्रैफिक सर्विस (IRTS) में कार्यरत हैं. इससे पहले वह इंडियन इकोनॉमिक सर्विस (IES) में भी अपनी सेवाएं दे चुकी हैं. इस तरह दोनों पति-पत्नी देश की अहम सेवाओं में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं.
ऋषभ जैन की मां ने क्या कहा?
ऋषभ की सफलता पर उनकी मां सुनीता जैन ने खुशी जताते हुए कहा कि उन्हें पहले से ही अपने बेटे की मेहनत पर भरोसा था. उन्होंने कहा कि मुझे बहुत अच्छा लग रहा है. मैंने अपने बेटे की मेहनत को करीब से देखा है. वह लगातार मेहनत करता रहा है और उसका हमेशा से सपना रहा है कि वह IAS या IPS बने. अगर बच्चे मेहनत करें तो कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है.


