LPG Booking Rule Change Update: अमेरिका और इजरायल के साथ ईरान की बढ़ती जंग के कारण मिडिल ईस्ट में तनाव चरम पर पहुंच गया है. इस युद्ध का असर अब वैश्विक ऊर्जा बाजार पर भी दिखाई देने लगा है. बढ़ते तनाव ने एनर्जी सेक्टर में नई चुनौतियां खड़ी कर दी हैं, जिससे पाकिस्तान और बांग्लादेश जैसे देशों में हालात काफी खराब हो गए हैं. वहीं दूसरी ओर भारत में भी एलपीजी को लेकर चिंता बढ़ती नजर आ रही है. हाल ही में 7 मार्च को एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी की गई थी, जिससे आम लोगों को महंगाई का बड़ा झटका लगा. इसके साथ ही सरकार ने एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग से जुड़े नियमों में भी बदलाव कर दिया है.
देश में एलपीजी को लेकर लोगों में घबराहट का माहौल भी देखने को मिल रहा है. ईरान युद्ध के बीच तेल और गैस की आपूर्ति को लेकर वैश्विक स्तर पर अनिश्चितता बढ़ गई है. हालांकि भारत सरकार का कहना है कि देश में एलपीजी का पर्याप्त भंडार मौजूद है, लेकिन इसके बावजूद कई बड़े शहरों में लोगों के बीच चिंता का माहौल बन गया है. उत्तर प्रदेश, कोलकाता और हैदराबाद समेत कई जगहों पर गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें देखी गई हैं. हालांकि सरकार और विशेषज्ञों का कहना है कि देश में एलपीजी की कोई कमी नहीं है और यह स्थिति लोगों द्वारा घबराहट में अधिक बुकिंग करने के कारण बनी है.
राजस्थान में बड़ा फैसला! अब 2 से ज्यादा बच्चों वाले भी लड़ सकेंगे पंचायत चुनाव
इसी बीच 7 मार्च को इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) ने एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में संशोधन करते हुए घरेलू और कमर्शियल दोनों प्रकार के सिलेंडरों के दाम बढ़ा दिए थे. 14 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये की बढ़ोतरी की गई, जबकि कमर्शियल सिलेंडर 115 रुपये महंगा हो गया. इस बढ़ोतरी का असर न केवल आम उपभोक्ताओं पर पड़ा, बल्कि होटल और रेस्टोरेंट जैसे कारोबारों को भी इसका सीधा असर झेलना पड़ा.
एलपीजी का उत्पादन बढ़ाने के निर्देश
मिडिल ईस्ट में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और ईंधन आपूर्ति में संभावित रुकावटों को देखते हुए भारत सरकार ने भी तुरंत कदम उठाए हैं. पेट्रोलियम मंत्रालय ने ऑयल रिफाइनरियों को एलपीजी का उत्पादन बढ़ाने के निर्देश दिए हैं. साथ ही अतिरिक्त उत्पादन का उपयोग मुख्य रूप से घरेलू एलपीजी की आपूर्ति के लिए करने को कहा गया है, ताकि आम लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.
बुकिंग करने के लिए करना होगा इंतजार
इसके अलावा सरकार ने एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग से जुड़े नियमों में भी बदलाव किया है. पहले उपभोक्ता 21 दिन बाद नया सिलेंडर बुक कर सकते थे, लेकिन अब इस समय सीमा को बढ़ाकर 25 दिन कर दिया गया है. सरकार का कहना है कि यह फैसला जमाखोरी रोकने और जरूरतमंद उपभोक्ताओं तक गैस की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए लिया गया है. अब उपभोक्ताओं को नया सिलेंडर बुक करने के लिए कम से कम 25 दिन का इंतजार करना होगा.


