UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में मौसम तेजी से बदल रहा है और मौसम विभाग लगातार अलर्ट जारी कर रहा है. ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 8 अप्रैल को राज्य के कई हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इसके साथ ही गरज-चमक के साथ बारिश और कुछ इलाकों में ओलावृष्टि होने की भी संभावना जताई गई है.
मंगलवार शाम को ही प्रदेश के कई जिलों नोएडा, गाजियाबाद, कानपुर और लखनऊ समेत में तेज बारिश और आंधी देखने को मिली. इस दौरान तेज हवाओं के साथ मौसम अचानक ठंडा हो गया, जिससे लोगों को गर्मी से राहत जरूर मिली, लेकिन किसानों की चिंता बढ़ गई है.
आगरा वालों के लिए बड़ी खुशखबरी! अब मिनटों में होगा सफर, मेट्रो को लेकर आई बड़ी अपडेट
मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इनमें सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मेरठ, बागपत, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बहराइच, सीतापुर, अमरोहा (ज्योतिबाफुले नगर), हापुड़, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर, संभल, बदायूं, मथुरा, अलीगढ़, कासगंज (कांशीरामनगर), एटा, हाथरस (महामायानगर), अयोध्या, बाराबंकी, लखनऊ, कानपुर देहात, औरैया, इटावा, फिरोजाबाद, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, ललितपुर, झांसी, महोबा, सुल्तानपुर, प्रयागराज, कौशांबी, प्रतापगढ़, जौनपुर, आजमगढ़, संत कबीर नगर, वाराणसी, गाजीपुर, भदोही (संत रविदास नगर), मऊ, बलिया, हरदोई, शाहजहांपुर, चित्रकूट, रायबरेली, अमेठी, फतेहपुर, उन्नाव, कानपुर और जालौन शामिल हैं. इन जिलों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का खतरा अधिक बना हुआ है.
इसके अलावा श्रावस्ती, बलरामपुर, गोंडा, बस्ती, गोरखपुर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, कुशीनगर और देवरिया जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है. इन क्षेत्रों में भी गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं की संभावना है, हालांकि खतरा अपेक्षाकृत कम माना गया है.
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले तीन दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का दौर जारी रह सकता है. ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है.
इधर, बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा है कि प्रशासनिक अधिकारी किसानों के लगातार संपर्क में रहें और फसलों को हुए नुकसान का तत्काल आकलन किया जाए. साथ ही समयबद्ध तरीके से मुआवजा दिलाने के निर्देश भी दिए गए हैं.
मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे स्वयं फील्ड में जाकर स्थिति का जायजा लें और अधीनस्थ अधिकारियों को भी सक्रिय रखें. इसके अलावा जनहानि, पशुहानि और आपदा से प्रभावित लोगों को जल्द राहत पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं. उत्तर प्रदेश में मौसम का यह बदला मिजाज अगले कुछ दिनों तक बना रह सकता है, जिससे खासकर किसानों को सतर्क रहने की जरूरत है.


