दिल्ली-NCR में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में सरकार एक और बड़ा कदम उठाने जा रही है. क्षेत्र में कनेक्टिविटी को नई दिशा देने के लिए करीब 4300 करोड़ रुपये की दो अहम परियोजनाओं पर तेजी से काम आगे बढ़ रहा है. इनमें गुरुग्राम-फरीदाबाद-नोएडा ‘नमो भारत’ रैपिड रेल और शहर की पूर्वी-पश्चिमी कनेक्टिविटी के लिए प्रस्तावित एलिवेटेड रोड शामिल हैं.
सबसे खास बात यह है कि दोनों परियोजनाओं का रूट अब लगभग तय हो चुका है और ये बाटा रेलवे पुल के पास एक-दूसरे के समानांतर गुजरेंगी, जिससे शहर के ट्रैफिक और यात्रा व्यवस्था में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा.
नोएडा@50: रफ्तार, विकास और सपनों का शहर… नमो भारत से एलिवेटेड रोड तक, बदलने वाली है नोएडा की किस्मत
इस रूट का सर्वे किया गया
FMDA के अधिकारियों ने इस पूरे रूट का सर्वे पूरा कर लिया है. सर्वे में यह सुनिश्चित किया गया है कि बाटा रेलवे पुल के आसपास दोनों परियोजनाओं के लिए अलग-अलग पिलर बनाने की पर्याप्त जगह मौजूद है. इससे दोनों योजनाओं को एक साथ लागू करना संभव हो पाएगा.
अधिकारियों के मुताबिक
अब जल्द ही प्राधिकरण और रेलवे से जुड़े विभागों के बीच एक अहम बैठक होगी. इस बैठक में मौके का निरीक्षण किया जाएगा और अंतिम रूट पर मुहर लगाई जाएगी. यदि सब कुछ योजना के अनुसार रहा, तो जुलाई या अगस्त तक दोनों परियोजनाओं के टेंडर जारी किए जा सकते हैं.
“नमो भारत” रैपिड रेल परियोजना के तहत यह रेल सेवा गुरुग्राम से शुरू होकर फरीदाबाद होते हुए नोएडा के सेक्टर-142 और सूरजपुर तक पहुंचेगी. फरीदाबाद में इसका रूट सैनिक कॉलोनी, अनखीर चौक, बड़खल चौक और ग्रेटर फरीदाबाद जैसे प्रमुख इलाकों से होकर गुजरेगा. इस परियोजना की अनुमानित लागत लगभग 3700 करोड़ रुपये बताई जा रही है.
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से जुड़ जाएगा
वहीं दूसरी ओर, शहर की पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों को जोड़ने के लिए बनने वाली एलिवेटेड रोड भी लोगों के लिए बड़ी राहत लेकर आएगी. यह सड़क सैनिक कॉलोनी से शुरू होकर मस्जिद चौक, प्याली-हार्डवेयर चौक, बाटा रेलवे पुल और कोर्ट रोड होते हुए दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से जुड़ जाएगी. इस परियोजना पर करीब 682 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जाएंगे.
इस एलिवेटेड रोड के बनने से शहर में लंबे समय से चली आ रही ट्रैफिक जाम की समस्या में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है. रोजाना ऑफिस जाने वाले लोगों और व्यापारिक गतिविधियों से जुड़े यात्रियों के लिए यह परियोजना समय और सफर दोनों की बचत करेगी.
अवध विश्वविद्यालय में गूंजा नारी शक्ति का स्वर, ‘मिशन शक्ति 5.0’ संगोष्ठी में आत्मनिर्भरता का संदेश
FMDA के मुख्य अभियंता ने क्या बताया?
FMDA के मुख्य अभियंता प्रवीण चौधरी के अनुसार, बाटा रेलवे पुल के पास दोनों परियोजनाओं को एक साथ क्रियान्वित करना पूरी तरह संभव है. जल्द ही अंतिम निर्णय के बाद निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है. अगर यह योजना तय समय पर पूरी होती है, तो फरीदाबाद और पूरे NCR की कनेक्टिविटी एक नए युग में प्रवेश करेगी जहां सफर तेज होगा, जाम कम होगा और विकास की रफ्तार और बढ़ जाएगी.


