Rajasthan Weather Update: राजस्थान इस समय भीषण गर्मी की चपेट में है और हालात लगातार गंभीर होते जा रहे हैं. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार राज्य के कई जिलों में हीटवेव की स्थिति बनी हुई है. खासतौर पर पश्चिमी और उत्तरी राजस्थान में तापमान 41 से 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है, जिससे जनजीवन पर व्यापक असर पड़ रहा है.
राजधानी जयपुर सहित अन्य बड़े शहरों में दिन के साथ-साथ रातें भी सामान्य से अधिक गर्म बनी हुई हैं. दिन में तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को घर से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है. वहीं, रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही, जिससे लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है.
अवध विश्वविद्यालय में गूंजा नारी शक्ति का स्वर, ‘मिशन शक्ति 5.0’ संगोष्ठी में आत्मनिर्भरता का संदेश
बाड़मेर, जैसलमेर, चुरू, कोटा और बीकानेर जैसे जिलों में अधिकतम तापमान 41 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है. इन इलाकों में लू के थपेड़ों ने हालात और भी कठिन बना दिए हैं. बीते कुछ दिनों में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश और बादलों की आवाजाही देखने को मिली थी, जिससे थोड़ी राहत मिली, लेकिन अब मौसम फिर से शुष्क और गर्म हो गया है.
आज 18 अप्रैल को राजस्थान में मौसम
आने वाले दिनों के पूर्वानुमान के अनुसार, 18 अप्रैल को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से कुछ स्थानों पर हल्की राहत मिल सकती है. लेकिन इसके बाद तापमान में फिर 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है. 18 से 27 अप्रैल के बीच राज्य के अधिकांश हिस्सों में हीटवेव का प्रभाव जारी रहेगा, जहां अधिकतम तापमान 40 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.
IMD का अलर्ट जारी
IMD की चेतावनी के मुताबिक, अगले 4 से 5 दिनों तक पश्चिमी राजस्थान के कई हिस्सों में हीटवेव का असर बना रहेगा. अजमेर, उदयपुर और कोटा संभाग में भी तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों को परेशान कर रही हैं. इसका असर दैनिक कामकाज पर भी पड़ रहा है, खासकर किसान और मजदूर दोपहर के समय काम करने से बच रहे हैं.
क्या है मौसम वैज्ञानिकों का कहना
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अप्रैल के अंत तक गर्मी और तेज होने की संभावना है. मई महीने में राज्य के कुछ हिस्सों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जा सकता है, जो स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकता है. हालांकि, अप्रैल के दौरान कुछ पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रह सकते हैं, जिससे छिटपुट बारिश होने की संभावना बनी हुई है.
विशेषज्ञों ने लोगों को सलाह दी है कि वे धूप में निकलने से बचें, पर्याप्त पानी पिएं और आवश्यक सावधानियां बरतें, ताकि इस भीषण गर्मी के प्रभाव से खुद को सुरक्षित रख सकें.


