Ganga Expressway Update: रायबरेली की तस्वीर अब बदलने वाली है. गंगा एक्सप्रेसवे सिर्फ बड़े शहरों को जोड़ने वाला हाईवे नहीं रहेगा, बल्कि यह सैकड़ों गांवों के लिए नई उम्मीदों का रास्ता बनकर उभरा है. मेरठ से प्रयागराज तक बनने वाला यह एक्सप्रेसवे अब रायबरेली के करीब 250 से ज्यादा गांवों के लोगों के लिए भी सफर आसान कर रहा है. गांवों में रहने वाले लोगों के लिए, जो पहले कई रास्तों से घूमकर मुख्य सड़क तक पहुंचते थे, अब सीधी और आसान कनेक्टिविटी मिल रही है.
प्रयागराज जंक्शन बनेगा नया सिटी सेंटर! मई से शुरू होगी भूमिगत पार्किंग, जाम से मिलेगी बड़ी राहत
रायबरेली के 250 गांवों की जिंदगी बदलेगी
रायबरेली जिले के करीब 250 से अधिक गांवों के लिए यह एक्सप्रेसवे किसी वरदान से कम नहीं है. पहले ग्रामीणों को मुख्य सड़क तक पहुंचने के लिए कई गांवों का चक्कर लगाना पड़ता था, लेकिन अब सर्विस रोड के जरिए सीधा संपर्क संभव हो गया है. इससे समय, ईंधन और श्रम की बचत के साथ जीवनशैली में भी सकारात्मक बदलाव आएगा.
एक्सप्रेसवे के किनारे लगभग 80 किमी लंबी सर्विस रोड का निर्माण किया गया है, जिससे स्थानीय लोगों का आवागमन पहले ही शुरू हो चुका है. यह सर्विस रोड छोटे वाहनों और ग्रामीण यातायात के लिए बेहद उपयोगी साबित हो रही है. इससे गांवों और मुख्य हाईवे के बीच बेहतर तालमेल बन रहा है, जिससे क्षेत्रीय विकास को नई गति मिल रही है.
गांव-गांव तक पहुंची विकास की रफ्तार
औद्योगिक दृष्टि से भी यह एक्सप्रेसवे बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा. रायबरेली में स्थित एनटीपीसी ऊंचाहार, आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना, बिरला सीमेंट फैक्ट्री और अन्य इकाइयों को कच्चे माल और उत्पादों के परिवहन में अब कम समय लगेगा. इससे उद्योगों की लागत घटेगी और उत्पादन तथा वितरण की गति में भी उल्लेखनीय सुधार होगा.
सुरक्षा और निगरानी के लिहाज से एक्सप्रेसवे पर आधुनिक सुविधाएं भी स्थापित की गई हैं. सीसीटीवी कैमरे लगाए जा चुके हैं और उनका कंट्रोल रूम प्रयागराज में बनाया गया है. साथ ही साइन बोर्ड भी पहले ही लगा दिए गए हैं, जिससे यात्रियों को दिशा और जानकारी आसानी से मिल सकेगी और दुर्घटनाओं की संभावना भी कम होगी.
निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है, केवल कुछ बाउंड्री वर्क बाकी है जिसे जल्द ही पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. 29 अप्रैल को इसके शुभारंभ के बाद आम जनता के लिए पूरी तरह खोल दिया जाएगा. इसके चालू होते ही न सिर्फ यात्रा आसान होगी, बल्कि व्यापार, रोजगार और क्षेत्रीय विकास को भी नई दिशा और रफ्तार मिलेगी.


