Gorakhpur Suicide Case: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां पूर्व प्रधान के बेटे ने अपने ही इंटर कॉलेज के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. आत्महत्या से पहले युवक ने मोबाइल पर एक सुसाइड नोट स्टेटस के रूप में अपलोड किया, जिसमें उसने अपनी कथित प्रेमिका, उसके परिजनों और खुद को मिल रही धमकियों का जिक्र किया है. घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया, जबकि परिवार में कोहराम मचा हुआ है.
कहां की है ये घटना?
दरअसल, ये घटना चौरी चौरा थाना क्षेत्र के इब्राहिमपुर गांव की बताई जा रही है, जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान 30 वर्षीय धीरज सिंह पुत्र दिनेश सिंह के रूप में हुई है. धीरज गांव के पूर्व प्रधान के बेटे थे और चार भाइयों में सबसे बड़े थे. बताया जा रहा है कि वह अविवाहित थे और गांव में स्थित अपने विद्यालय की देखरेख भी करते थे.
आम के बौर और फलों को तबाह कर रही हैं ये 5 बीमारियां, किसान भाई जानें एक्सपर्ट्स के अचूक उपाय
अंदर का दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गए
परिजनों ने बताया कि बीती रात धीरज रोज की तरह खाना खाने के बाद विद्यालय में सोने चले गए थे. सुबह जब उनका भाई उन्हें जगाने पहुंचा तो काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला. शक होने पर दरवाजा तोड़ा गया तो अंदर का दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गए. धीरज का शव कमरे में पंखे की कुंडी से रस्सी के सहारे लटका मिला. यह देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और गांव में सनसनी फैल गई.
परिजनों पर गंभीर आरोप लगाकर युवक ने दे दी जान
मामले ने उस वक्त और तूल पकड़ लिया जब पता चला कि आत्महत्या से पहले धीरज सिंह ने अपने मोबाइल फोन पर एक सुसाइड नोट स्टेटस के रूप में लगाया था. स्टेटस में उन्होंने अपनी कथित प्रेमिका पर धोखा देने, ब्लैकमेल करने और युवती के पिता व मौसी के बेटों पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है. इतना ही नहीं, युवक ने यह भी लिखा कि उन्हें और उनके परिवार को फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकियां दी जा रही थीं. वहीं सुसाइड नोट में धीरज ने अपने परिवार से माफी भी मांगी है.
भारत के सबसे अमीर राज्यों की लिस्ट आई सामने, UP-बिहार का हाल जानकर उड़ जाएंगे होश!
शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम
घटना की सूचना मिलते ही चौरी चौरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. वहीं फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस अब युवक के मोबाइल फोन, सोशल मीडिया स्टेटस और कथित सुसाइड नोट की जांच कर रही है. धीरज सिंह की मौत के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी हुई है. प्रेम प्रसंग, धमकी और आत्महत्या से जुड़े इस मामले ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है.


