Aaj Ka Mausam: देश के कई राज्यों में एक बार फिर मौसम अचानक करवट लेने जा रहा है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार 13 मई को उत्तर भारत, पूर्वी भारत और पहाड़ी राज्यों समेत करीब 11 राज्यों में तेज बारिश, आंधी और वज्रपात की संभावना जताई गई है. कई इलाकों में 65 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. मौसम विभाग ने खासतौर पर किसानों और खुले क्षेत्रों में काम करने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक पश्चिमी राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों में निचले क्षोभमंडलीय स्तरों में एक ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है. इसके अलावा दक्षिण-पश्चिम मध्य प्रदेश और आसपास के इलाकों में भी चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जिसके कारण देश के कई हिस्सों में मौसम अस्थिर हो गया है. तेज हवाओं और बारिश के चलते फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई गई है.
दिल्ली में बारिश और तेज आंधी का अलर्ट
Delhi में 13 मई को मौसम बदलने के संकेत हैं. मौसम विभाग ने राजधानी में बारिश और तेज आंधी की चेतावनी जारी की है. अनुमान है कि इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इससे तापमान में थोड़ी गिरावट देखने को मिल सकती है. दिल्ली में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है.
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
Uttar Pradesh में भी मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए बारिश और तूफान का अलर्ट जारी किया है. बहराइच, बलरामपुर, संतकबीरनगर, महाराजगंज, देवरिया, गोंडा, गोरखपुर, मेरठ, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, आगरा, मथुरा और कानपुर समेत कई जिलों में भारी बारिश और तेज आंधी की संभावना जताई गई है.
मौसम विभाग के अनुसार इन इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
बिहार में वज्रपात और तेज हवाओं का खतरा
Bihar के कई जिलों में बारिश और तूफान को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है. गया, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, अररिया, किशनगंज, कटिहार, पूर्णिया, मधेपुरा, सहरसा, सुपौल, मधुबनी, दरभंगा और समस्तीपुर में मौसम बिगड़ने की संभावना है.
इन जिलों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. साथ ही वज्रपात की चेतावनी भी जारी की गई है. पटना में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया गया है.
उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में बिगड़ेगा मौसम
Uttarakhand के कई जिलों में भी आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की गई है. नैनताल, रुद्रप्रयाग, देहरादून, उत्तरकाशी, बागेश्वर, पिथौरागढ़, पौड़ी गढ़वाल, चंपावत और चमोली में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है. देहरादून में 13 मई को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़क बाधित होने की आशंका भी जताई गई है.
पंजाब और हिमाचल में भी बारिश-तूफान का असर
Punjab के अमृतसर, लुधियाना, पटियाला, चंडीगढ़, होशियारपुर, बठिंडा, कपूरथला और जालंधर में तेज बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है. इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. वहीं Himachal Pradesh के चंबा, मंडी, शिमला, कुल्लू, कांगड़ा, किन्नौर, बिलासपुर और सोलन में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है. मनाली में अधिकतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 1 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
जम्मू-कश्मीर में तापमान में गिरावट के आसार
Jammu and Kashmir के श्रीनगर, बारामूला, अनंतनाग, बडगाम, कुलगाम, रामबन, किश्तवाड़, मीरपुर, रियासी, जम्मू और कठुआ में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग का कहना है कि बारिश के कारण तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है.
राजस्थान में बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी
Rajasthan के हनुमानगढ़, चुरू, झुंझुनूं, अलवर, भरतपुर, धौलपुर और सीकर में बारिश और तेज हवाओं का येलो अलर्ट जारी किया गया है. इन जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.
राजधानी Jaipur में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. मौसम विभाग के अनुसार कुछ इलाकों में धूलभरी आंधी भी चल सकती है.
मध्य प्रदेश में लू का प्रकोप जारी
Madhya Pradesh के धार, उज्जैन, झाबुआ, रतलाम, विदिशा, भोपाल, रायसेन, कटनी, बालाघाट, बैतूल, भिंड, दमोह, दतिया, मंदसौर और मुरैना में भीषण गर्मी और लू का अलर्ट जारी किया गया है. इन क्षेत्रों में 20 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चल सकती हैं. भोपाल में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
खाने में बार-बार बाल निकलना बना सकता है आपको कंगाल! जानिए इसके पीछे की वजह
किसानों और आम लोगों के लिए एडवाइजरी
मौसम विभाग ने खराब मौसम को देखते हुए किसानों और आम लोगों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है. विभाग ने लोगों से अपील की है कि आंधी और बिजली कड़कने के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचें.
किसानों को सलाह दी गई है कि वे अपनी कटी हुई फसलों को सुरक्षित स्थानों पर रखें. तेज हवाओं और बारिश के कारण फसलों, टिन शेड और कमजोर संरचनाओं को नुकसान पहुंच सकता है. मौसम विभाग लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर आगे भी अलर्ट जारी किए जा सकते हैं.


