UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में पिछले कई दिनों से मौसम लगातार करवट ले रहा है. प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में तेज आंधी, बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि का सिलसिला जारी है. मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है. रविवार को भी राज्य के कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिला. मौसम विभाग ने सोमवार, 1 जून के लिए प्रदेश के 60 से अधिक जिलों में आंधी और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है.
जून का पहला सप्ताह किसके लिए बनेगा लकी? 12 राशियों का पूरा साप्ताहिक राशिफल
तापमान में रिकॉर्ड गिरावट दर्ज
हालिया बारिश और ठंडी पछुवा हवाओं के कारण प्रदेश के कई शहरों के तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है. कई स्थानों पर अधिकतम तापमान सामान्य से 4 से 8 डिग्री सेल्सियस तक कम रहा.
इटावा में अधिकतम तापमान सामान्य से 7.9 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंचकर 34.0 डिग्री दर्ज किया गया. वहीं मुजफ्फरनगर में पारा सामान्य से 7.5 डिग्री कम होकर 30.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो प्रदेश में सबसे कम तापमानों में शामिल रहा.
कई जिलों में अच्छी बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में सर्वाधिक 34.4 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई. इसके अलावा मुरादाबाद में 21.8 मिलीमीटर, हरदोई में 19.4 मिलीमीटर, हमीरपुर में 3.0 मिलीमीटर, मेरठ में 2.4 मिलीमीटर और लखीमपुर खीरी में 2.0 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई. कई इलाकों में बारिश के साथ ओलावृष्टि की भी सूचना मिली है.
आज इन जिलों में आंधी और बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, आगरा, मेरठ, गाजियाबाद, गौतम बुद्ध नगर (नोएडा), अलीगढ़, मथुरा, बरेली, मुरादाबाद, झांसी, अयोध्या, बस्ती, आजमगढ़, मिर्जापुर, बहराइच, लखीमपुर खीरी और बुंदेलखंड क्षेत्र सहित प्रदेश के अधिकांश जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है.
विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और खुले स्थानों में जाने से बचने की सलाह दी है.
आंधी-बारिश बनी आफत, तीन लोगों की गई जान
जहां एक ओर बारिश ने गर्मी से राहत पहुंचाई है, वहीं दूसरी ओर कुछ क्षेत्रों में यह जानलेवा भी साबित हुई. रविवार को प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में हुए हादसों में दो मासूम बच्चों और एक महिला की मौत हो गई.
लखीमपुर खीरी जिले के मोहम्मदी कोतवाली क्षेत्र के जैती गांव में तेज बारिश के दौरान एक कच्ची दीवार गिर गई. मलबे की चपेट में आने से छह वर्षीय कार्तिक की मौत हो गई. घटना के समय उसके भाई-बहन भी वहां मौजूद थे, लेकिन वे सुरक्षित बच गए.
लखनऊ में दीवार गिरने से बच्चे की मौत
राजधानी लखनऊ के रहीमाबाद क्षेत्र स्थित ईशु खेड़ा गांव में भी एक दर्दनाक हादसा सामने आया. यहां तेज आंधी और बारिश के दौरान चबूतरे की दीवार अचानक ढह गई. मलबे में दबने से 10 वर्षीय अनमोल की मौत हो गई. बताया गया कि वह नाली में फंसा कचरा साफ कर रहा था, तभी यह हादसा हुआ.
देवरिया में बिजली गिरने से महिला की मौत
देवरिया जिले में आकाशीय बिजली गिरने की घटना में एक महिला की जान चली गई. वहीं गोरखपुर के ग्रामीण इलाकों में तेज हवाओं के कारण कई बिजली के पोल गिर गए, जिससे दर्जनों गांवों की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई.
उससे बात करने की हिम्मत कैसे हुई… भाई ने बहन का गला रेता, ऑनर किलिंग से दहला यूपी
ओलावृष्टि और तेज हवाओं से जनजीवन प्रभावित
आगरा में दोपहर के समय करीब 20 मिनट तक तेज बारिश और ओलावृष्टि हुई. प्रदेश के अनेक हिस्सों में तेज हवाओं, बारिश और ओलों के कारण सामान्य जनजीवन प्रभावित रहा. कई जगह पेड़ गिरने, बिजली आपूर्ति बाधित होने और जलभराव जैसी समस्याएं भी सामने आईं.
मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल प्रदेश में मौसम का यह बदला हुआ रुख कुछ समय तक बना रह सकता है. ऐसे में लोगों को मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने और आवश्यक सावधानी बरतने की जरूरत है.


