नई दिल्ली: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित कर दिया है. परीक्षा में सफल उम्मीदवार अब सिविल सेवा मुख्य परीक्षा 2026 में शामिल हो सकेंगे. आयोग ने सफल अभ्यर्थियों की रोल नंबर आधारित सूची अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दी है.
UPSC द्वारा जारी परिणाम के अनुसार कुल 13,343 उम्मीदवारों ने सिविल सेवा मुख्य परीक्षा के लिए क्वालिफाई किया है. प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन 24 मई 2026 को देशभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर किया गया था. लाखों अभ्यर्थियों ने इस परीक्षा में भाग लिया था और अब उम्मीदवार अपने रोल नंबर के माध्यम से परिणाम की जांच कर सकते हैं.
आयोग की ओर से जारी पीडीएफ में केवल सफल उम्मीदवारों के रोल नंबर प्रकाशित किए गए हैं. अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध परिणाम सूची डाउनलोड कर अपने रोल नंबर का मिलान करें. यदि किसी उम्मीदवार का रोल नंबर सूची में मौजूद है, तो वह मुख्य परीक्षा में शामिल होने के लिए पात्र माना जाएगा.
ऐसे चेक करें UPSC Prelims Result 2026
उम्मीदवार सबसे पहले UPSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं. इसके बाद “What’s New” सेक्शन में उपलब्ध Civil Services (Preliminary) Examination, 2026 Result लिंक पर क्लिक करें. परिणाम पीडीएफ फाइल के रूप में खुलेगा. उम्मीदवार Ctrl+F की मदद से अपना रोल नंबर खोज सकते हैं.
अब क्या होगा अगला चरण
प्रारंभिक परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को अब सिविल सेवा मुख्य परीक्षा की तैयारी करनी होगी. मुख्य परीक्षा चयन प्रक्रिया का सबसे महत्वपूर्ण चरण मानी जाती है. इसमें वर्णनात्मक प्रश्न पूछे जाते हैं और उम्मीदवारों की विश्लेषणात्मक क्षमता, लेखन कौशल तथा विषयगत समझ का मूल्यांकन किया जाता है.
विशेषज्ञों का मानना है कि प्रीलिम्स परिणाम घोषित होने के बाद उम्मीदवारों को उत्तर लेखन अभ्यास, निबंध लेखन और समसामयिक घटनाओं पर विशेष ध्यान देना चाहिए. मुख्य परीक्षा में सफलता के लिए नियमित अभ्यास और समय प्रबंधन बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है.
कितनी हैं रिक्तियां
सिविल सेवा परीक्षा 2026 विभिन्न प्रतिष्ठित सेवाओं जैसे IAS, IPS, IFS और अन्य केंद्रीय सेवाओं में भर्ती के लिए आयोजित की जा रही है. इस वर्ष परीक्षा प्रक्रिया के तहत करीब 1,000 के आसपास पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं. आयोग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार रिक्तियों की संख्या पिछले वर्षों की तुलना में कुछ कम बताई गई है.
उम्मीदवारों के लिए महत्वपूर्ण सलाह
परिणाम घोषित होने के बाद उम्मीदवारों को UPSC की आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित रूप से नजर बनाए रखनी चाहिए. मुख्य परीक्षा से संबंधित आवेदन प्रक्रिया, विस्तृत आवेदन पत्र (DAF), परीक्षा कार्यक्रम और अन्य दिशा-निर्देश आयोग द्वारा अलग से जारी किए जाएंगे. अभ्यर्थियों को सभी दस्तावेज पहले से तैयार रखने की सलाह दी गई है.
पीएम मोदी ने पूरी की ऐतिहासिक स्लोवाकिया यात्रा. G7 शिखर सम्मेलन में भाग लेने फ्रांस रवाना
UPSC देश की सबसे प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में से एक मानी जाती है. हर वर्ष लाखों उम्मीदवार इस परीक्षा में शामिल होते हैं, लेकिन अंतिम चयन सीमित पदों के लिए ही होता है. ऐसे में प्रीलिम्स में सफलता प्राप्त करने वाले उम्मीदवारों के लिए अब अगली चुनौती मुख्य परीक्षा होगी.
स्रोत. UPSC.


