Kanpur Matrimonial Fraud: कानपुर के कल्याणपुर में पुलिस और साइबर सेल ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक ऐसे फर्जी मैट्रिमोनियल कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया है, जो एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) से तैयार की गई खूबसूरत लड़कियों की तस्वीरों के जरिए लोगों को शादी का झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी कर रहा था. पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि कॉल सेंटर में काम कर रही 15 युवतियों से पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया गया.
शहडोल की प्रसिद्ध रसाज कढ़ी: बघेलखंड के पारंपरिक स्वाद की अनोखी पहचान
AI फोटो भेजकर दिखाते थे शादी के सपने
डीसीपी वेस्ट एसएम कासिम आबिदी के मुताबिक, एनसीआरपी पोर्टल से मिली सूचना के आधार पर कल्याणपुर स्थित कैलाश विहार के एक अपार्टमेंट में छापा मारा गया. यहां “Online Match Point” के नाम से फर्जी मैट्रिमोनियल कॉल सेंटर संचालित किया जा रहा था.
जांच में पता चला कि कॉल सेंटर की युवतियां खुद को मैट्रिमोनियल साइट की टेलीकॉलर बताकर शादी के इच्छुक लोगों से संपर्क करती थीं. उनकी पसंद और डिमांड जानने के बाद एआई से तैयार की गई आकर्षक लड़कियों की 4 से 6 तस्वीरें भेजी जाती थीं. इसके बाद रजिस्ट्रेशन, बातचीत, मुलाकात और शादी की प्रक्रिया के नाम पर उनसे मोटी रकम वसूली जाती थी.
कॉल सेंटर की लड़कियां ही बनती थीं ‘दुल्हन’
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि जिन लड़कियों से पीड़ितों की फोन पर बात कराई जाती थी, वे भी इसी कॉल सेंटर में काम करने वाली कर्मचारी थीं. वे शादी का भरोसा दिलाकर, सात जन्मों तक साथ निभाने के वादे कर और भावनात्मक बातें करके लोगों को अपने जाल में फंसाती थीं. गिरोह खास तौर पर अधेड़ उम्र के अविवाहित या शादी की तलाश कर रहे लोगों को निशाना बनाता था.
डेढ़ साल से चल रहा था ठगी का खेल
पुलिस के अनुसार, यह फर्जी कॉल सेंटर करीब डेढ़ साल से संचालित हो रहा था. यहां काम करने वाली प्रत्येक युवती को रोजाना 100 से 150 संभावित ग्राहकों के मोबाइल नंबर दिए जाते थे, जिनसे संपर्क कर ठगी की जाती थी. शुरुआती जांच में सामने आया है कि गिरोह अब तक 10 से 15 हजार से अधिक लोगों को अपना शिकार बना चुका है और करोड़ों रुपये की ठगी कर चुका है.
Etikoppaka Wooden Toys: आंध्र प्रदेश की पारंपरिक लकड़ी की खिलौना कला
तीन आरोपी गिरफ्तार, बैंक खातों की जांच जारी
पुलिस ने इस मामले में कल्याणपुर निवासी अनुराधा त्रिवेदी, बर्रा निवासी विक्रम खूटे और प्रियंका को गिरफ्तार किया है. तीनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेजने की तैयारी की गई. पुलिस अब आरोपियों के बैंक खातों, वित्तीय लेन-देन और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है.


