नई दिल्ली: नीट (NEET) परीक्षा में कथित अनियमितताओं के विरोध में पिछले एक महीने से आंदोलन कर रही कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के ‘संसद मार्च’ के दौरान आज राजधानी में भारी हंगामा और तनाव देखने को मिला. सुबह 9 बजे शुरू हुए इस मार्च को रोकने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज का सहारा लेना पड़ा, जिससे जंतर-मंतर और आसपास का इलाका छावनी में तब्दील हो गया. इस पूरे घटनाक्रम के बीच एक प्रदर्शनकारी की बहादुरी और पुलिस के सामने डटे रहने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
‘मारो सर, मारो सर’
जैसे ही प्रदर्शनकारियों ने संसद की ओर बढ़ने की कोशिश की, पुलिस और रिजर्व पुलिस फोर्स (RPF) के जवानों ने उन्हें बैरिकेड्स पर रोक दिया. धक्का-मुक्की और तनाव बढ़ने के बाद पुलिस ने लाठीचार्ज शुरू कर दिया.लाठीचार्ज होते ही जहां चारों तरफ अफरा-तफरी मच गई, वहीं एक प्रदर्शनकारी पुलिस के सामने सीना तानकर खड़ा हो गया. सुरक्षाकर्मियों ने उस पर लगातार लाठियां बरसाईं, लेकिन वह शख्स टस से मस नहीं हुआ. उलटा वह पुलिसकर्मियों से कहता रहा, “मारो सर, मारो सर!” बाद में स्थिति को बिगड़ता देख महिला पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव कर उसे पीछे हटाया. इस दौरान अन्य प्रदर्शनकारी भी उसके पीछे आकर खड़े हो गए और जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी.
बिना अनुमति के मार्च, फाउंडर बोले- ‘कोई नहीं रोक सकता’
दिल्ली पुलिस का कहना है कि कॉकरोच जनता पार्टी को इस संसद मार्च के लिए आधिकारिक अनुमति (Permission) नहीं दी गई थी. सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से भारी संख्या में जवानों को तैनात किया गया था. दूसरी ओर, पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके ने पुलिसिया कार्रवाई का विरोध करते हुए कहा कि इस मार्च को कोई नहीं रोक सकता.” इसके साथ ही उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं और प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्ण तरीके से आगे बढ़ने की अपील की है.
20 जून से जारी है आंदोलन
गौरतलब है कि कॉकरोच जनता पार्टी पिछले 20 जून से दिल्ली के जंतर-मंतर पर लगातार धरना दे रही है.
- नीट परीक्षा में हुई कथित धांधली को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा.
- देश की परीक्षा व्यवस्था में बड़े स्तर पर सुधार.
- प्रभावित छात्रों को न्याय दिलाना.
इस आंदोलन को मजबूत करने के लिए देश के कई विपक्षी नेता भी जंतर-मंतर पहुंचकर अपना समर्थन दे चुके हैं. मार्च में शामिल होने के लिए प्रदर्शनकारी रविवार रात से ही जंतर-मंतर पर जुटने लगे थे.
सोनम वांगचुक का अनशन 23वें दिन भी जारी
दिल्ली में चल रहे इन छात्र आंदोलनों के बीच लद्दाख के मुद्दों को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक का अनशन आज 23वें दिन भी जारी रहा. तबीयत बिगड़ने के कारण वे फिलहाल सफदरजंग अस्पताल में भर्ती हैं, जहां से उनका अनशन चल रहा है. इसी बीच, जंतर-मंतर पर उनके साथ भूख हड़ताल पर बैठे ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) के तीन सहयोगियों नेहा, आमीन और मनीष ने 23 दिनों के बाद आज अपना अनशन समाप्त कर दिया है. फिलहाल, नई दिल्ली के कई इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त कर दी गई है और प्रदर्शनकारियों को संसद की तरफ बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस पूरी मुस्तैदी से तैनात है.


