नई दिल्ली: देशभर में परीक्षाओं में गड़बड़ी और पेपर लीक के खिलाफ जंतर-मंतर पर चल रहा आंदोलन शुक्रवार को एक नए मोड़ पर पहुंच गया है. बीते 26 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे प्रसिद्ध जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात के बाद अपना अनशन समाप्त कर दिया है. हालाँकि, आंदोलन का नेतृत्व कर रही कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने स्पष्ट किया है कि जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान अपने पद से इस्तीफा नहीं दे देते, तब तक जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन जारी रहेगा.
कोनसीमा का ऑयल एंड नेचुरल गैस सेक्टर. आंध्र प्रदेश की ऊर्जा ताकत का अहम केंद्र
वार्ता का दौर और सरकार का रुख
शुक्रवार को सरकार और CJP प्रतिनिधियों के बीच दूसरे दौर की बातचीत कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में आयोजित की गई. सरकार 20 जुलाई के संसद मार्च में शामिल प्रदर्शनकारियों और जंतर-मंतर पर बैठे छात्रों के खिलाफ कोई पुलिस केस दर्ज न करने पर सहमत हो गई है. CJP के प्रवक्ताओं (सौरभ दास व अभिजीत दीपके) ने नेताओं के आवास पर बैठक के सरकारी प्रस्ताव को खारिज करते हुए किसी तटस्थ (न्यूट्रल) स्थान पर बातचीत की शर्त रखी थी, जिसे सरकार ने स्वीकार किया. CJP के संस्थापक अध्यक्ष अभिजीत दीपके और प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आश्वासन स्वागत योग्य है, लेकिन युवाओं का विश्वास बहाल करने के लिए धर्मेंद्र प्रधान को हटाना ही होगा.
फास्ट ट्रैक कोर्ट और कड़े कानून
पेपर लीक के खिलाफ सरकार और अदालतों ने सख्त रुख अपनाया है. PM नरेंद्र मोदी ने घोषणा की है कि सरकार पेपर लीक के मामलों से निपटने के लिए fast-track courts और कड़े कानूनों का मसौदा कैबिनेट में ला रही है. दोषियों पर ₹1 करोड़ तक का जुर्माना और 5 से 10 साल की जेल के प्रावधान की तैयारी है. बॉम्बे हाईकोर्ट ने औरंगाबाद (अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट एस.वी. पवार) और नागपुर (अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट गुलशन कोल्टे) में दो विशेष अदालतें तय की हैं, जो परीक्षाओं में धांधली से जुड़े मामलों की सुनवाई करेंगी.
17 मेट्रो स्टेशन बंद, इंटरनेट ठप
आंदोलन के बढ़ते असर को देखते हुए दिल्ली प्रशासन ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं, दिल्ली पुलिस अधिकारियों की सभी छुट्टियाँ रद्द कर दी गई हैं. जंतर-मंतर और मध्य दिल्ली के इलाकों में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं दोपहर तक बंद रखी गईं. DMRC ने राजीव चौक, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय, पटेल चौक और ITO समेत 17 प्रमुख मेट्रो स्टेशनों को बंद कर दिया (हालाँकि राजीव चौक व मंडी हाउस पर इंटरचेंज सुविधा चालू रही). सुरक्षा चिंताओं को देखते हुए मध्य दिल्ली के कई स्कूलों ने नर्सरी से कक्षा 5 तक हाइब्रिड/ऑनलाइन कक्षाएँ शुरू कर दी हैं.
दिल्ली यूनिवर्सिटी द्वारा छात्रों को दी गई चेतावनी पर राहुल गांधी ने कहा कि अपने लोकतांत्रिक अधिकारों का इस्तेमाल कर रहे छात्रों को धमकाने की आपकी हिम्मत कैसे हुई? समय आने पर जवाबदेही तय होगी. कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी ने आरोप लगाया कि सरकार शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों को ‘देश के शत्रु’ की तरह देख रही है और दमनकारी नीतियों का इस्तेमाल कर रही है. TMC सांसद डेरेक ओ ब्रायन ने कहा कि मामला अब सिर्फ एक मंत्री के इस्तीफे का नहीं रहा, बल्कि प्रधानमंत्री और गृहमंत्री की सीधी जवाबदेही का बन चुका है.
बीजेपी सांसद का पलटवार
बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि जो छात्र डॉक्टर या इंजीनियर बनना चाहते हैं, उन्हें जंतर-मंतर के बजाय पढ़ाई पर ध्यान देना चाहिए. कुछ छात्र अपनी नाकामी छुपाने के लिए इसका बहाना बना रहे हैं. ‘देश बचाओ मोर्चा’ के तहत भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) के प्रमुख गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने CJP को अपना समर्थन देते हुए आंदोलन में शामिल होने का ऐलान किया है.
E20 पेट्रोल पर सरकार का बड़ा बयान, वाहनों की परफॉर्मेंस घटने की कोई पुष्ट शिकायत नहीं: सुरेश गोपी
आगे क्या?
जंतर-मंतर पर हलचल तेज है. CJP और किसान संगठनों के कड़े रुख को देखते हुए राजधानी में पुलिस अलर्ट पर है. सोनम वांगचुक जल्द ही अपनी भावी रणनीति पर एक वीडियो संदेश जारी करने वाले हैं.


