राजस्थान की राजधानी जयपुर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ‘भारत टैक्सी’ सेवा का शुभारंभ किया. सहकारिता मंत्रालय की इस पहल का उद्देश्य सहकारी मॉडल के माध्यम से परिवहन क्षेत्र में रोजगार, स्व-रोजगार और आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है. यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सहकार से समृद्धि” के विजन को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है.
DRI की देशभर में बड़ी कार्रवाई, 27 किलो से अधिक तस्करी का सोना जब्त; 12 गिरफ्तार
‘भारत टैक्सी’ से ड्राइवर नहीं, सहकारी संस्था के सह-मालिक बनेंगे सारथी
कार्यक्रम में केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने कहा कि भारत टैक्सी पारंपरिक टैक्सी एग्रीगेटर मॉडल से अलग है. इसमें चालक केवल सेवा प्रदाता नहीं, बल्कि सहकारी संस्था के सदस्य और शेयरधारक होंगे. उन्हें संस्था के लाभ में हिस्सा मिलेगा और प्रत्येक यात्रा का भुगतान सीधे उनके खाते में जमा किया जाएगा.
8 लाख सारथी और 41 लाख ग्राहक जुड़े
सरकार के अनुसार, अब तक करीब 8 लाख पंजीकृत सारथी और 41 लाख ग्राहक भारत टैक्सी प्लेटफॉर्म से जुड़ चुके हैं. प्रतिदिन लगभग 11 हजार यात्राएं पूरी की जा रही हैं और अब तक करीब 77 करोड़ रुपये सीधे सारथियों के खातों में जमा किए जा चुके हैं.
500 शहरों तक विस्तार की तैयारी
मुरलीधर मोहोल ने बताया कि दिल्ली, गुजरात, महाराष्ट्र और अब राजस्थान में सेवा शुरू होने के बाद आने वाले समय में भारत टैक्सी को देश के लगभग 500 शहरों तक विस्तार देने की योजना है.
राजस्थान में रोजगार और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि भारत टैक्सी युवाओं के लिए नए रोजगार के अवसर पैदा करेगी और राज्य के पर्यटन तथा मोबिलिटी सेक्टर को नई गति देगी. उन्होंने कहा कि इस मॉडल में सारथियों को रोजगार के साथ-साथ मालिकाना हक, सम्मान और संस्था के लाभ में भागीदारी भी मिलेगी.
उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत सारथियों को 5 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा भी उपलब्ध कराया जाएगा.
जयपुर में 30 हजार से अधिक सारथी जुड़े
मुख्यमंत्री ने कहा कि जयपुर में अब तक 30 हजार से अधिक सारथी और करीब 7 लाख ग्राहक भारत टैक्सी से जुड़ चुके हैं. उन्होंने इसे सहकारी मॉडल पर आधारित डिजिटल परिवहन व्यवस्था के प्रति बढ़ते जनविश्वास का संकेत बताया.
कई संस्थाओं के साथ हुए समझौते
कार्यक्रम के दौरान राजस्थान पुलिस, सारस, जयपुर नगर निगम और जयपुर मेट्रो के साथ समझौता ज्ञापनों (MoU) का आदान-प्रदान किया गया. इसके अलावा मुख्यमंत्री ने 60 कैब, 20 बाइक और 20 ऑटो के भारत टैक्सी बेड़े को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.
Source: Ministry of Cooperation


