Pink Saheli Smart Card: देश की राजधानी दिल्ली में महिलाओं के लिए डीटीसी और क्लस्टर बसों में मुफ्त यात्रा की व्यवस्था में 1 अगस्त से बड़ा बदलाव होने जा रहा है. बता दें कि बसों में अब कागज वाले पिंक टिकट नहीं मिलेंगे, बल्कि केवल ‘पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड’ रखने वाली महिलाओं को ही मुफ्त सफर की सुविधा मिलेगी. 31 जुलाई यानी आज के बाद पुराने पिंक टिकट पूरी तरह से बंद कर दिए जाएंगे.
दिल्ली सरकार के अधिकारियों के मुताबिक, अब तक करीब 17 लाख महिलाएं पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड बनवा चुकी हैं. जिन महिलाओं ने अभी तक कार्ड नहीं बनवाया है, वे दिल्ली के 78 निर्धारित केंद्रों पर जाकर आवेदन कर सकती हैं. कार्ड बनाने की प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी.
कौन था 15 साल का गणेश यादव? जिसकी मौत से दहला नेपाल
किन महिलाओं को मिलेगा लाभ?
नई व्यवस्था के तहत मुफ्त बस यात्रा का लाभ केवल दिल्ली की निवासी महिलाओं को मिलेगा. इसके लिए दिल्ली के पते वाला आधार कार्ड अनिवार्य है. ऐसे में नौकरी, पढ़ाई या अन्य कारणों से दिल्ली में रह रही दूसरे राज्यों की महिलाओं को इस योजना का लाभ नहीं मिलेगा और उन्हें सामान्य यात्रियों की तरह किराया देना होगा.
बस में ऐसे मिलेगा मुफ्त टिकट
बस में चढ़ने के बाद महिला यात्री को अपने गंतव्य की जानकारी कंडक्टर को देनी होगी. इसके बाद कंडक्टर इलेक्ट्रॉनिक टिकटिंग मशीन (ETM) में यात्रा का विवरण दर्ज कर पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड को टैप करेगा. टैप होते ही मुफ्त टिकट जारी हो जाएगा और यात्रा का रिकॉर्ड डिजिटल रूप से सर्वर पर दर्ज हो जाएगा.
क्यों लागू की गई नई व्यवस्था?
डीटीसी अधिकारियों का कहना है कि स्मार्ट कार्ड प्रणाली लागू होने से फर्जी टिकट, एक ही कार्ड के दुरुपयोग और रिकॉर्ड में गड़बड़ियों पर रोक लगेगी. साथ ही सरकार को लाभार्थियों का सटीक डिजिटल डेटा मिलेगा, जिससे योजना की निगरानी और संचालन अधिक प्रभावी होगा.
मेरठ में 6 महीने के मासूम की हत्या का खुलासा, मां और उसके प्रेमी पर बेटे को नाले में फेंकने का आरोप
परिवहन मंत्री ने की अपील
दिल्ली के परिवहन मंत्री पंकज सिंह ने कहा कि सरकार प्रत्येक पात्र महिला को मुफ्त बस यात्रा की सुविधा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. उन्होंने महिलाओं से अपील की कि जिन्होंने अभी तक पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड नहीं बनवाया है, वे जल्द से जल्द आवेदन कर लें, ताकि 1 अगस्त के बाद भी बिना किसी परेशानी के मुफ्त यात्रा का लाभ मिलता रहे.


