भारत की सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन स्थलों को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से केंद्र सरकार और Netflix India ने नई पहल शुरू की है. केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने बुधवार को ‘Incredible India’ पोर्टल पर ‘As Seen on Netflix’ सेक्शन का शुभारंभ किया. यह पहल पर्यटन मंत्रालय और Netflix India के बीच सहयोग के तहत विकसित की गई है.
इसका उद्देश्य दुनिया भर के दर्शकों को Netflix India की फिल्मों और वेब सीरीज में दिखाए गए वास्तविक स्थानों, सांस्कृतिक परंपराओं और स्थानीय अनुभवों से जोड़ना है, ताकि भारत की पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा मिल सके.
विदेश मंत्रालय अब Snapchat पर भी, MEA ने लॉन्च किया आधिकारिक अकाउंट, यूजर्स से जुड़ने की अपील
‘As Seen on Netflix’ सेक्शन हुआ लॉन्च
नई दिल्ली स्थित नेशनल गैलरी ऑफ मॉडर्न आर्ट (NGMA) में आयोजित विशेष कार्यक्रम के दौरान इस नए सेक्शन की शुरुआत की गई. यह कार्यक्रम भारत में Netflix के 10 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित किया गया.
फिल्मों और सीरीज में दिखे वास्तविक स्थानों की मिलेगी जानकारी
नई पहल के तहत दर्शक उन वास्तविक पर्यटन स्थलों और सांस्कृतिक अनुभवों के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकेंगे, जिन्हें Netflix India की फिल्मों और सीरीज में दिखाया गया है. सरकार का मानना है कि इससे देश के विभिन्न पर्यटन स्थलों और सांस्कृतिक विरासत के प्रति वैश्विक स्तर पर रुचि बढ़ेगी.
गजेंद्र सिंह शेखावत ने क्या कहा
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि भारत की कहानियां हजारों वर्षों से दुनिया को प्रेरित करती रही हैं और आधुनिक तकनीक अब इन्हें दुनिया के हर कोने तक पहुंचाने का अभूतपूर्व अवसर प्रदान कर रही है.
उन्होंने कहा कि रचनात्मक अर्थव्यवस्था भारत की सांस्कृतिक पहचान को संरक्षित करते हुए रोजगार के नए अवसर भी पैदा कर रही है.
उन्होंने इस प्रकार की साझेदारियों का स्वागत करते हुए कहा कि भारत की विविधता, प्रतिभा और सभ्यतागत विरासत को दुनिया के सामने वास्तविक रूप में प्रस्तुत करना महत्वपूर्ण है.
संस्कृति भारत की रणनीतिक ताकत
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि संस्कृति केवल भारत की विरासत नहीं है, बल्कि यह देश की सबसे बड़ी रणनीतिक ताकतों में से एक है.
उन्होंने कहा कि भारत के ऐतिहासिक स्थल, त्योहार, भाषाएं और लोक परंपराएं ऐसी अनगिनत कहानियों से भरी हैं, जिन्हें वैश्विक दर्शकों तक पहुंचाया जाना चाहिए.
Netflix ने साझेदारी जारी रखने की जताई प्रतिबद्धता
Netflix के सह-मुख्य कार्यकारी अधिकारी टेड सारंडोस ने कहा कि भारत एक नहीं बल्कि अनेक विविधताओं वाला देश है और प्रत्येक क्षेत्र की अपनी अलग कहानी और परंपरा है.
उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में भारत के विभिन्न हिस्सों पर आधारित कहानियों ने दुनिया भर के दर्शकों को प्रभावित किया है और लोगों को भारत के पर्यटन स्थलों का अनुभव करने के लिए प्रेरित किया है.
उन्होंने संस्कृति मंत्रालय और पर्यटन मंत्रालय के साथ साझेदारी जारी रखते हुए भारत की कहानियों और पर्यटन स्थलों को वैश्विक दर्शकों तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता दोहराई.
बिहार कैबिनेट के 17 बड़े फैसले, PPP मॉडल पर 16 मेडिकल कॉलेजों के संचालन को मंजूरी
रचनात्मक अर्थव्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा
कार्यक्रम के दौरान दोनों पक्षों ने भारत की विविध संस्कृतियों, परंपराओं और वास्तविक कहानियों को बढ़ावा देने की साझा प्रतिबद्धता व्यक्त की. सरकार का मानना है कि इस सहयोग से भारत की रचनात्मक अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और देश की वैश्विक सांस्कृतिक पहचान को भी बढ़ावा मिलेगा.


