NHAI FASTag Pass: देशभर में टोल प्लाजा के आसपास रहने वाले लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है. राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने FASTag आधारित लोकल पास की प्रक्रिया को अब डिजिटल कर दिया है. पात्र वाहन मालिक अब सिर्फ 350 रुपये में मासिक लोकल पास बनवा सकेंगे और संबंधित टोल प्लाजा से पूरे महीने असीमित आवाजाही कर सकेंगे. खास बात यह है कि अब लोकल पास बनवाने के लिए टोल प्लाजा के चक्कर लगाने या कागजी दस्तावेज जमा करने की जरूरत नहीं होगी.
यूपी-जापान के बीच बड़ा समझौता, हर साल 10 लाख मीट्रिक टन ग्रीन हाइड्रोजन बनाने का लक्ष्य
कौन ले सकता है 350 रुपये वाला लोकल पास?
यह सुविधा उन स्थानीय निवासियों के लिए है, जिनका घर किसी पात्र टोल प्लाजा से 20 किलोमीटर के दायरे में स्थित है. ऐसे लोग अपनी निजी गाड़ियों के लिए लोकल पास बनवा सकते हैं. इससे रोजाना टोल से गुजरने वाले नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और अन्य नियमित यात्रियों को बार-बार टोल शुल्क देने से राहत मिलेगी.
Rajmargyatra ऐप से ऑनलाइन होगा आवेदन
NHAI ने लोकल पास के आवेदन की प्रक्रिया को Rajmargyatra मोबाइल ऐप से जोड़ दिया है. पात्र वाहन मालिक ऐप के जरिए आवेदन कर सकते हैं. आवेदन के दौरान वाहन और पते की जानकारी का डिजिटल सत्यापन किया जाएगा. इसके लिए DigiLocker और VAHAN जैसे सरकारी प्लेटफॉर्म से उपलब्ध जानकारी का इस्तेमाल किया जाएगा. इसके बाद GIS तकनीक की मदद से यह जांच होगी कि आवेदक का पता संबंधित टोल प्लाजा से 20 किलोमीटर की निर्धारित सीमा के भीतर है या नहीं.
इन जानकारियों का होगा डिजिटल वेरिफिकेशन
लोकल पास जारी करने से पहले सिस्टम मुख्य रूप से इन जानकारियों की जांच करेगा –
- आवेदक के पते का सत्यापन
- वाहन के रजिस्ट्रेशन की जानकारी
- वाहन से जुड़े FASTag का विवरण
- टोल प्लाजा के आसपास आवेदक के पते की लोकेशन
डिजिटल प्रक्रिया शुरू होने से मैनुअल जांच और दस्तावेज सत्यापन की जरूरत काफी कम होने की उम्मीद है.
बाड़मेर के किसान ने बनाया समन्वित खेती का मॉडल, दूर-दूर से देखने पहुंच रहे किसान
121 टोल प्लाजा पर सुविधा उपलब्ध
NHAI के मुताबिक डिजिटल लोकल पास की सुविधा देशभर के 121 टोल प्लाजा तक पहुंच चुकी है. पात्र टोल प्लाजा की सूची Rajmargyatra पोर्टल और मोबाइल ऐप पर देखी जा सकती है. NHAI का कहना है कि आने वाले महीनों में इस सुविधा का विस्तार और अधिक टोल प्लाजा तक किया जाएगा. यानी टोल प्लाजा के आसपास रहने वाले लोगों के लिए 350 रुपये का यह मासिक पास रोजाना की आवाजाही का खर्च कम करने में काफी मददगार साबित हो सकता है.


