लखनऊ: उत्तर प्रदेश और जापान के यामानाशी प्रांत के बीच शुक्रवार को ग्रीन हाइड्रोजन के क्षेत्र में महत्वपूर्ण समझौता हुआ. इसके तहत उत्तर प्रदेश में हर साल एक मिलियन मीट्रिक टन यानी 10 लाख मीट्रिक टन ग्रीन हाइड्रोजन के उत्पादन का लक्ष्य रखा गया है. ऊर्जा मंत्री एके शर्मा की मौजूदगी में हुए एमओयू के तहत यामानाशी मॉडल और पावर टू गैस (P2G) तकनीक पर आधारित पायलट परियोजना शुरू की जाएगी.
इस परियोजना को यामानाशी हाइड्रोजन कंपनी और कनाडेविया कॉरपोरेशन के सहयोग से आगे बढ़ाया जाएगा. ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने कहा कि ग्रीन हाइड्रोजन स्वच्छ ऊर्जा के भविष्य का महत्वपूर्ण आधार है और इस क्षेत्र में जापान के अनुभव से उत्तर प्रदेश को काफी लाभ मिल सकता है.
बाड़मेर के किसान ने बनाया समन्वित खेती का मॉडल, दूर-दूर से देखने पहुंच रहे किसान
यूपी विधानसभा और यामानाशी असेंबली के बीच भी समझौता
जापान के यामानाशी प्रीफेक्चरल असेंबली और उत्तर प्रदेश विधान सभा के बीच भी मैत्रीपूर्ण आदान-प्रदान और सहयोग को बढ़ावा देने के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए. इसका उद्देश्य दोनों विधान सभाओं के बीच पारस्परिक समझ, विश्वास और सहयोग को मजबूत करना है. यामानाशी प्रीफेक्चरल असेंबली के अध्यक्ष हिदेनोरी मियामोतो के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर प्रदेश विधान सभा का दौरा किया. प्रतिनिधिमंडल ने सदन की कार्यवाही, विधायी प्रक्रियाओं और विधानसभा की कार्यशैली की जानकारी ली. साथ ही विधानसभा में हुए आधुनिकीकरण और डिजिटल तकनीक के इस्तेमाल का भी अवलोकन किया.
प्रतिनिधिमंडल ने विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना से मुलाकात कर दोनों पक्षों के बीच विधायी अनुभवों और कार्यप्रणाली के आदान-प्रदान पर चर्चा की. हिदेनोरी मियामोतो ने सतीश महाना को यामानाशी आने का औपचारिक निमंत्रण भी दिया.
पर्यटन में भी बढ़ेगा सहयोग
दोनों पक्षों के बीच पर्यटन के क्षेत्र में सहयोग को लेकर भी चर्चा हुई. जापानी पक्ष ने सितंबर में होने वाले Tourism Expo Japan 2026 में उत्तर प्रदेश की भागीदारी का अनुरोध किया, जिसे मुख्यमंत्री की ओर से स्वीकार कर लिया गया है. उत्तर प्रदेश के बौद्ध, आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और विरासत पर्यटन स्थलों को जापानी पर्यटकों के लिए खास संभावनाओं वाला माना जा रहा है. उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2025 में 2.19 लाख जापानी नागरिकों ने भारत की यात्रा की, जो 2024 के मुकाबले 12.5 प्रतिशत अधिक है.
चंडीगढ़ में पंजाब सरकार के खिलाफ ETT शिक्षकों का प्रदर्शन, पुलिस से झड़प के बाद कई हिरासत में
ग्रीन हाइड्रोजन, विधायी सहयोग और पर्यटन के क्षेत्र में हुए इन समझौतों से उत्तर प्रदेश और जापान के यामानाशी प्रांत के बीच संबंधों को नई दिशा मिलने की उम्मीद है.


