Nayyi Navelli Teaser: बॉलीवुड एक्ट्रेस यामी गौतम धर की अपकमिंग फिल्म नवेली दुल्हन का टीजर रिलीज हो गया है. फिल्म में यामी एक ऐसी नई-नवेली दुल्हन के किरदार में नजर आने वाली हैं, जिसे देखकर परिवार में सब कुछ बदल जाता है. फिल्म की कहानी में फैमिली ड्रामा के साथ कॉमेडी, फैंटेसी और एक्शन का जबरदस्त तड़का देखने को मिलेगा.
यह भी पढ़ें- फरीदाबाद में यमुना किनारे बसेगा नया शहर! बनेंगे नए सेक्टर, नोएडा की तर्ज पर दिखेंगी गगनचुंबी इमारतें
‘भाभी डायन है’…आरोप से शुरू होती है कहानी
फिल्म के टीजर में एक खुशहाल परिवार की कहानी दिखाई गई है. घर में नई दुल्हन के आने के बाद माहौल पूरी तरह बदल जाता है और परिवार के लिए सब कुछ अच्छा होने लगता है. लेकिन तभी दुल्हन के देवर को उस पर शक होने लगता है. वह चौंकाने वाला आरोप लगाते हुए कहता है किभाभी डायन है.
इसके बाद कहानी में अजीबोगरीब घटनाओं का सिलसिला शुरू हो जाता है. टीजर में फैंटेसी, हास्य और एक्शन के साथ कई रहस्यमयी किरदारों की झलक देखने को मिलती है. हालांकि, यामी के किरदार का असली रहस्य अभी पूरी तरह सामने नहीं आया है.
साड़ी में राक्षसों से लड़ती दिखी थीं यामी
फिल्म का फर्स्ट लुक पोस्टर अगस्त में रिलीज किया गया था. पोस्टर में यामी पारंपरिक साड़ी पहने हुए नजर आई थीं और उनके हाथों में हथियार था. वह राक्षसों से मुकाबला करती दिखाई दे रही थीं. अब टीजर ने फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है.
कौन-कौन है फिल्म में?
नवेली दुल्हन को आनंद एल राय और हिमांशु शर्मा ने प्रोड्यूस किया है. फिल्म की कहानी हिमांशु शर्मा और दिव्य निधि शर्मा ने लिखी है, जबकि म्यूजिक जीवी प्रकाश कुमार ने दिया है. फिल्म में यामी गौतम के अलावा अद्दिनाथ एम. कोठारे, अनुराग ठाकुर, सुनीता राजवर, मीता वशिष्ठ, आदित्य कुलश्रेष्ठ, सुष्मिता मुखर्जी, सोनल झा, सुनील सिन्हा और प्रतीक पचौरी समेत कई कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे.
दशहरा से पहले सिनेमाघरों में आएगी फिल्म
नवेली दुल्हन 16 अक्टूबर 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी. फिल्म को दशहरा से पहले रिलीज किया जा रहा है. यामी गौतम इससे पहले ‘Article 370’ में अपने अभिनय से खूब तारीफ बटोर चुकी हैं. इसी फिल्म के लिए उन्हें इस साल अपने करियर का पहला नेशनल अवॉर्ड भी मिला है. हाल ही में वह ‘Dhurandhar: The Revenge’ में कैमियो रोल में भी नजर आई थीं.


