मुंबई: विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना की मच-अवेटेड फिल्म ‘रणबली’ का टीजर रिलीज हो गया है. फिल्म की पहली झलक ने दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है. राहुल सांक्रित्यायन के निर्देशन में बनी यह पीरियड ड्रामा फिल्म भारत के स्वतंत्रता संघर्ष की पृष्ठभूमि पर आधारित है.
फिल्म में विजय देवरकोंडा रणबली के किरदार में नजर आएंगे, जो रायलसीमा का रहने वाला एक तेलुगु युवक है और ब्रिटिश शासन के खिलाफ आवाज उठाता है. वहीं रश्मिका मंदाना जयम्मा की भूमिका निभा रही हैं. जयम्मा रणबली की पत्नी होने के साथ-साथ उसके संघर्ष में उसकी साथी भी हैं.
यह भी पढ़ें- इंतजार खत्म! 7 दिन बाद 1.25 करोड़ लाडली बहनों के खाते में आएंगे 1500, देखें 40वीं किस्त की पूरी जानकारी
1876-78 के अकाल की पृष्ठभूमि में कहानी
‘रणबली’ की कहानी भारत के इतिहास के एक बेहद मुश्किल दौर को छूती है. फिल्म की पृष्ठभूमि 1876 से 1878 के मद्रास अकाल के समय की है. इस दौरान दक्षिण और पश्चिम भारत के कई हिस्से गंभीर सूखे, खाद्यान्न की कमी और पर्याप्त राहत न मिलने से प्रभावित हुए थे.
टीजर में उस दौर की गरीबी, संघर्ष और अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ बढ़ते विद्रोह की झलक दिखाई गई है. कहानी में अच्छाई और बुराई के बीच संघर्ष को भी प्रमुखता दी गई है.
हॉलीवुड एक्टर अर्नोल्ड वोस्लू भी अहम भूमिका में
फिल्म में हॉलीवुड अभिनेता अर्नोल्ड वोस्लू भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं. वह सर थियोडोर हेक्टर, एक अंग्रेज अधिकारी के किरदार में नजर आएंगे. रणबली और ब्रिटिश अधिकारी के बीच टकराव फिल्म की कहानी का अहम हिस्सा बताया जा रहा है.
विजय-रश्मिका की जोड़ी फिर साथ
विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना को एक बार फिर पर्दे पर साथ देखने के लिए फैंस काफी उत्साहित हैं. दोनों की जोड़ी पहले भी दर्शकों को पसंद आ चुकी है. इसी वजह से ‘रणबली’ को लेकर पहले से ही काफी बज बना हुआ है.
दशहरा पर सिनेमाघरों में आएगी फिल्म
फिल्म को दशहरा के festive period में दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज करने की तैयारी है. ‘रणबली’ 16 अक्टूबर को वर्ल्डवाइड रिलीज होगी. फिल्म का संगीत अजय-अतुल ने तैयार किया है, जबकि इसका निर्माण Mythri Movie Makers के बैनर तले किया गया है.
यह भी पढ़ें- दिल्ली से मुंबई, चेन्नई से गुवाहाटी तक दौड़ेगी तेज रफ्तार! 7 नए हाई-डेंसिटी रेल कॉरिडोर को कैबिनेट की मंजूरी
रश्मिका मंदाना इससे पहले हिंदी रोमांटिक कॉमेडी-ड्रामा ‘कॉकटेल 2’ में नजर आई थीं, जबकि विजय देवरकोंडा को आखिरी बार 2025 की तेलुगु एक्शन-ड्रामा फिल्म ‘किंगडम’ में देखा गया था.


