New Delhi Metro Route: दिल्ली मेट्रो के फेज-4 में यात्रियों की कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए कई नए कॉरिडोर पर काम किया जा रहा है. इसी कड़ी में लाजपत नगर से साकेत जी-ब्लॉक मेट्रो कॉरिडोर दक्षिण दिल्ली के कई प्रमुख इलाकों को नई मेट्रो कनेक्टिविटी देगा. करीब 8.4 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर पर 8 स्टेशन बनाए जाएंगे और सभी स्टेशन एलिवेटेड होंगे.
यह भी पढ़ें- संतकबीरनगर में बंद कताई मिल की जमीन पर बनेगा टेक्सटाइल पार्क, 5 हजार से ज्यादा लोगों को रोजगार की उम्मीद
3 कोच वाली ट्रेनें होंगी खास
लाजपत नगर-साकेत जी-ब्लॉक कॉरिडोर की खासियत यह होगी कि यहां सामान्य 6 या 8 कोच वाली ट्रेनों के बजाय 3 कोच वाली छोटी मेट्रो ट्रेनें चलाने की योजना है. एक ट्रेन में करीब 900 यात्रियों के सफर करने की क्षमता होगी. कम लंबाई की ट्रेनों के कारण इस कॉरिडोर के प्लेटफॉर्म भी अपेक्षाकृत छोटे होंगे. प्रस्तावित प्लेटफॉर्म की लंबाई करीब 74 मीटर बताई गई है. इससे निर्माण में कम जगह की जरूरत पड़ेगी और लागत व निर्माण समय को नियंत्रित करने में मदद मिल सकती है.
लाजपत नगर से साकेत जी-ब्लॉक तक 8 स्टेशन
- लाजपत नगर
- एंड्रयूज गंज
- ग्रेटर कैलाश-1
- चिराग दिल्ली
- पुष्पा भवन
- साकेत डिस्ट्रिक्ट सेंटर
- पुष्प विहार
- साकेत जी-ब्लॉक
लाजपत नगर इस रूट का महत्वपूर्ण इंटरचेंज स्टेशन होगा. यहां यात्रियों को अन्य मेट्रो लाइनों से कनेक्टिविटी मिलेगी. वहीं चिराग दिल्ली और आसपास के इलाकों के यात्रियों को भी मेट्रो नेटवर्क से बेहतर जुड़ाव मिलने की उम्मीद है.
गोल्डन लाइन से भी मिलेगी कनेक्टिविटी
साकेत जी-ब्लॉक इस कॉरिडोर का टर्मिनल स्टेशन होगा. यहां से यात्रियों को गोल्डन लाइन के एयरोसिटी-तुगलकाबाद कॉरिडोर से कनेक्टिविटी मिलने की योजना है. इससे दक्षिण दिल्ली के कई इलाकों से एयरपोर्ट की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए मेट्रो नेटवर्क का विस्तार होगा.
फेज-4 में तीन नए कॉरिडोर
दिल्ली मेट्रो के फेज-4 में तीन नए कॉरिडोर को मंजूरी दी गई है.
इंद्रलोक-इंद्रप्रस्थ कॉरिडोर: करीब 12.4 किलोमीटर, 10 स्टेशन
रिठाला-नरेला-कुंडली कॉरिडोर: करीब 26.5 किलोमीटर, 21 स्टेशन
लाजपत नगर-साकेत जी-ब्लॉक कॉरिडोर: करीब 8.4 किलोमीटर, 8 स्टेशन
इंद्रलोक-इंद्रप्रस्थ कॉरिडोर के जरिए सराय रोहिला और नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जैसे महत्वपूर्ण स्थानों की कनेक्टिविटी बढ़ाने की योजना है. वहीं रिठाला-नरेला-कुंडली कॉरिडोर दिल्ली से हरियाणा के कुंडली क्षेत्र तक मेट्रो नेटवर्क का विस्तार करेगा.
यह भी पढ़ें- 41 सुरंगें तैयार… अब पहाड़ों में दौड़ेगी विकास की ट्रेन, उत्तराखंड को मिलेगी नई सौगात
फेज-4 के प्रायोरिटी कॉरिडोर भी महत्वपूर्ण
फेज-4 में जनकपुरी पश्चिम-आरके आश्रम, मजलिस पार्क-मौजपुर और एयरोसिटी-तुगलकाबाद जैसे कॉरिडोर भी शामिल हैं. मजलिस पार्क-मौजपुर कॉरिडोर के पूरा होने के बाद पिंक लाइन के रिंग कॉरिडोर के रूप में काम करने की योजना है. वहीं एयरोसिटी-तुगलकाबाद कॉरिडोर दक्षिण दिल्ली को एयरपोर्ट से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा. दिल्ली मेट्रो के इन विस्तार परियोजनाओं से राजधानी के अलग-अलग हिस्सों के बीच कनेक्टिविटी बढ़ाने और यात्रियों के लिए नए रूट उपलब्ध कराने का लक्ष्य है.


