Mumbai Metro Expansion: मुंबई में मेट्रो नेटवर्क के विस्तार का बड़ा प्लान तैयार है. आने वाले वर्षों में मुंबई महानगर क्षेत्र में मेट्रो की कनेक्टिविटी तेजी से बढ़ने वाली है. प्रस्तावित विस्तार के बाद मुंबई, ठाणे, कल्याण, पालघर और नवी मुंबई के कई इलाके मेट्रो नेटवर्क से जुड़ेंगे. बड़े रेलवे स्टेशनों, कमर्शियल हब और दोनों एयरपोर्ट तक पहुंच आसान होने की उम्मीद है. मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (MMRDA) के मुताबिक, 2030 तक मुंबई और आसपास के इलाकों में करीब 374 किलोमीटर लंबा मेट्रो नेटवर्क विकसित करने की योजना है. इसके तहत कई नए कॉरिडोर बनाए और मौजूदा लाइनों का विस्तार किया जा रहा है. इससे मुंबई लोकल ट्रेनों और सड़कों पर यात्री दबाव कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें- लखनऊ-उन्नाव-रायबरेली में बसेगा नया शहर, योगी कैबिनेट ने दी मंजूरी, शुरू होगी जमीन अधिग्रहण प्रक्रिया
6 नए रूट पर तेजी से बढ़ रहा काम
मुंबई और MMR में करीब 141 किलोमीटर मेट्रो रूट निर्माणाधीन बताए जा रहे हैं. अलग-अलग परियोजनाओं पर करीब एक लाख करोड़ रुपये के निवेश का प्रावधान है.
प्रस्तावित विस्तार में प्रमुख कॉरिडोर इस तरह हैं.
लाइन 2B (येलो लाइन): डीएन नगर से मंडाले/मानखुर्द
लाइन 4 और 4A (ग्रीन लाइन): वडाला-ठाणे-कासारवडावली-गायमुख
लाइन 5 (ऑरेंज लाइन): ठाणे-भिवंडी-कल्याण
लाइन 6 (पिंक लाइन): स्वामी समर्थ नगर (लोखंडवाला)-कांजुरमार्ग
लाइन 7A और 9 (रेड लाइन): अंधेरी ईस्ट-एयरपोर्ट और दहिसर-मीरा भायंदर
लाइन 12: कल्याण-तलोजा
येलो लाइन 2B से BKC और कुर्ला को फायदा
येलो लाइन 2B डीएन नगर से मानखुर्द तक प्रस्तावित है. करीब 23.64 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर में 22 स्टेशन होंगे. यह अंधेरी वेस्ट से बांद्रा, कुर्ला और BKC होते हुए मानखुर्द की तरफ जाएगा. इस कॉरिडोर से मुंबई के महत्वपूर्ण कारोबारी और रिहायशी इलाकों के बीच ईस्ट-वेस्ट कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है.
एक्वा लाइन 3: कफ परेड से आरे तक अंडरग्राउंड सफर
एक्वा लाइन 3 कफ परेड से आरे कॉलोनी तक करीब 33.5 किलोमीटर लंबी है और इसमें 27 स्टेशन हैं. यह मुंबई की पहली पूरी तरह अंडरग्राउंड मेट्रो लाइन है. इस कॉरिडोर के जरिए दक्षिण मुंबई, BKC और आरे के बीच मेट्रो कनेक्टिविटी विकसित हो रही है.
ग्रीन लाइन से ठाणे और मुंबई की कनेक्टिविटी
ग्रीन लाइन के तहत वडाला से ठाणे, कासारवडावली और गायमुख तक कनेक्टिविटी विकसित की जा रही है. करीब 35.2 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर में 34 स्टेशन प्रस्तावित हैं. इसके विस्तार से ठाणे और मुंबई के बीच सफर आसान होने के साथ आगे भिवंडी और कल्याण की तरफ जाने वाले यात्रियों को भी फायदा मिल सकता है.
ठाणे-भिवंडी-कल्याण के बीच दौड़ेगी ऑरेंज लाइन
मेट्रो लाइन 5 ठाणे के कपूरबावड़ी से भिवंडी होते हुए कल्याण तक जाएगी. करीब 25 किलोमीटर लंबे इस रूट पर 17 स्टेशन होंगे. इस कॉरिडोर से ठाणे, भिवंडी और कल्याण के बीच सार्वजनिक परिवहन का विकल्प मजबूत होगा.
लोखंडवाला से कांजुरमार्ग तक पिंक लाइन
मेट्रो लाइन 6 स्वामी समर्थ नगर (लोखंडवाला) से जोगेश्वरी होते हुए कांजुरमार्ग तक जाएगी. यह करीब 15 किलोमीटर लंबी और 13 स्टेशनों वाली एलिवेटेड लाइन होगी. यह कॉरिडोर पश्चिमी मुंबई को पूर्वी हिस्से से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है.
रेड लाइन से एयरपोर्ट और मीरा-भायंदर तक कनेक्टिविटी
रेड लाइन के तहत दहिसर ईस्ट से मीरा-भायंदर और अंधेरी ईस्ट से एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी विकसित की जा रही है. लाइन 9 दहिसर को मीरा-भायंदर से जोड़ेगी. वहीं लाइन 7A अंधेरी ईस्ट से मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के T2 टर्मिनल तक मेट्रो कनेक्टिविटी देगी.
दोनों एयरपोर्ट को जोड़ेगी गोल्डन लाइन
मुंबई की प्रस्तावित गोल्डन लाइन 8 मुंबई एयरपोर्ट को नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जोड़ेगी. करीब 35 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर में 7 स्टेशन प्रस्तावित हैं. दोनों एयरपोर्ट के बीच सीधी मेट्रो कनेक्टिविटी बनने से यात्रियों को सड़क मार्ग पर निर्भरता कम करने का विकल्प मिलेगा.
यह भी पढ़ें- अलीगढ़ को बड़ी सौगात! 9.53 हेक्टेयर में बनेगी सांई ग्लोबल यूनिवर्सिटी, यूपी कैबिनेट ने दी मंजूरी
कल्याण से तलोजा तक भी पहुंचेगी मेट्रो
लाइन 12 के जरिए कल्याण से तलोजा तक करीब 22 किलोमीटर का मेट्रो रूट विकसित किया जा रहा है. इसमें 19 स्टेशन प्रस्तावित हैं.


