Aligarh News: अलीगढ़ में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक नया विकल्प जुड़ने जा रहा है. उत्तर प्रदेश मंत्रिपरिषद ने अलीगढ़ में सांई ग्लोबल विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए प्रायोजक संस्था को आशय-पत्र (Letter of Intent) जारी करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है. विश्वविद्यालय की स्थापना उत्तर प्रदेश निजी विश्वविद्यालय अधिनियम-2019 के तहत की जाएगी.
अलीगढ़ में निजी क्षेत्र के नए विश्वविद्यालय की स्थापना का रास्ता साफ हो गया है. मंगलवार को हुई उत्तर प्रदेश मंत्रिपरिषद की बैठक में सांई ग्लोबल विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए प्रायोजक संस्था को आशय-पत्र जारी करने के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गई. इसके बाद विश्वविद्यालय की स्थापना से जुड़ी प्रक्रिया आगे बढ़ेगी.
यह भी पढ़ें- लखनऊ की सुशांत गोल्फ सिटी को मिलेगा नया जीवन, 2912 करोड़ से पूरी होगी हाईटेक टाउनशिप
9.53 हेक्टेयर जमीन पर बनेगा विश्वविद्यालय
सांई ग्लोबल विश्वविद्यालय की स्थापना अलीगढ़ के नगरीय क्षेत्र में ग्राम सारसौल, तहसील कोल में की जाएगी. इसके लिए करीब 9.530 हेक्टेयर यानी 23.55 एकड़ भूमि निर्धारित की गई है. उच्च स्तरीय समिति ने विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए प्रायोजक संस्था को आशय-पत्र जारी करने की संस्तुति की थी, जिसके बाद कैबिनेट ने इसे मंजूरी दे दी.
उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय के मुताबिक, निजी क्षेत्र में नए विश्वविद्यालयों की स्थापना से प्रदेश के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के अधिक विकल्प उपलब्ध होंगे. इससे विद्यार्थियों को अलग-अलग पाठ्यक्रमों के लिए दूसरे शहरों का रुख करने की जरूरत भी कम हो सकती है.
दो साल में पूरी होगी प्रक्रिया
कैबिनेट की मंजूरी के बाद विश्वविद्यालय की स्थापना से संबंधित निर्धारित प्रक्रिया पूरी की जाएगी. अधिकारियों के अनुसार, करीब दो वर्ष के भीतर आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद विश्वविद्यालय के संचालन का पत्र जारी किया जाएगा. उत्तर प्रदेश में फिलहाल 52 निजी विश्वविद्यालय संचालित हो रहे हैं. सांई ग्लोबल विश्वविद्यालय के जुड़ने से प्रदेश के निजी उच्च शिक्षा संस्थानों की संख्या में भी इजाफा होगा.
25 साल से शिक्षा के क्षेत्र में सक्रिय है सांई समूह
सांई ग्लोबल विश्वविद्यालय की स्थापना के साथ सांई समूह की शिक्षा के क्षेत्र में करीब 25 वर्षों की यात्रा को नया विस्तार मिलने जा रहा है. समूह की ओर से वर्तमान में श्री साईं आयुर्वेदिक कॉलेज का संचालन किया जा रहा है. इसकी शुरुआत करीब पांच एकड़ क्षेत्रफल में हुई थी. कॉलेज में लंबे समय से चिकित्सा, नर्सिंग, फार्मेसी और व्यावसायिक शिक्षा से जुड़े कई पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं. समूह के अनुसार, अब तक करीब 7,500 छात्र-छात्राएं यहां से शिक्षा प्राप्त कर चुके हैं.
BAMS से लेकर नर्सिंग और फार्मेसी तक के कोर्स
श्री साईं आयुर्वेदिक कॉलेज में BMS, MD, MS, ANM, GNM, BSc Nursing, DPharma, MPharma और BPharma जैसे पाठ्यक्रम संचालित होते रहे हैं. इसके अलावा फिजियोथेरेपी, D.El.Ed और BTC की पढ़ाई भी कराई जा रही है. इस तरह समूह की शैक्षिक गतिविधियां चिकित्सा, नर्सिंग, फार्मेसी, तकनीकी और व्यावसायिक शिक्षा तक फैली हुई हैं. अब कॉलेज के पास ही नए विश्वविद्यालय की स्थापना से इन शैक्षिक गतिविधियों को और व्यापक स्वरूप मिलने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें- Passport New Rule: 15 साल से कम उम्र के बच्चों का पासपोर्ट अब 5 साल तक रहेगा वैध, जानें नए नियम
अलीगढ़ नगर निगम क्षेत्र में पहला निजी विश्वविद्यालय
सांई समूह के निदेशक अंकुर साईं ने बताया कि विश्वविद्यालय की स्थापना से अलीगढ़ और आसपास के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के नए विकल्प मिलेंगे. विभिन्न पाठ्यक्रमों के लिए विद्यार्थियों को दूसरे शहरों में जाने की आवश्यकता कम होगी. उन्होंने कहा कि यह अलीगढ़ नगर निगम क्षेत्र में पहला निजी विश्वविद्यालय होगा. ऐसे में इसके शुरू होने से शहर की उच्च शिक्षा व्यवस्था में एक नया विकल्प जुड़ने की उम्मीद है.


