Greater Noida Traffic Plan: ग्रेटर नोएडा में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने के लिए प्राधिकरण ने सड़कों की क्षमता बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है. अमृतपुरम गोलचक्कर से 130 मीटर चौड़ी सड़क को जोड़ने वाली करीब 5 किलोमीटर लंबी सड़क को 4 लेन से बढ़ाकर 6 लेन किया जाएगा. सड़क चौड़ीकरण का काम चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा. इस सड़क के चौड़ा होने से सूरजपुर-कासना मार्ग से 130 मीटर चौड़ी सड़क तक पहुंचना आसान होगा. ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के परियोजना विभाग ने इस दिशा में काम शुरू कर दिया है.
यह भी पढ़ें- लखनऊ वालों के लिए GOOD NEWS! बनेगा एक नया 4 लेन फ्लाईओवर, 5 लाख से ज्यादा लोगों को जाम से मिलेगी राहत
एयरपोर्ट शुरू होने के बाद बढ़ा ट्रैफिक
दरअसल, सूरजपुर-कासना मार्ग पर अमृतपुरम गोलचक्कर से आगे रामपुर सेक्टर बीटा-1, डेल्टा-2 और एटीएस गोलचक्कर होते हुए सड़क 130 मीटर चौड़ी सड़क पर स्थित मकौड़ा गोलचक्कर से जुड़ती है. इस मार्ग पर पहले से ही वाहनों का दबाव रहता है. अब नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान सेवा शुरू होने के बाद इस रूट पर आवाजाही और बढ़ने की उम्मीद है. अधिकारियों का कहना है कि आने वाले वर्षों में ट्रैफिक का दबाव और बढ़ सकता है. इसी को देखते हुए प्राधिकरण ने उन सड़कों को चौड़ा करने की योजना बनाई है, जिन पर वाहनों की संख्या ज्यादा है और जो 130 मीटर चौड़ी मुख्य सड़क से जुड़ती हैं.
दोनों तरफ बनेगी एक-एक नई लेन
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के वरिष्ठ प्रबंधक राजेश कुमार निम के मुताबिक, रामपुर गोलचक्कर से सेक्टर डेल्टा-2 गोलचक्कर के बीच करीब एक किलोमीटर हिस्से में सड़क चौड़ी करने का काम शुरू हो गया है. फिलहाल यह सड़क चार लेन की है. इसे छह लेन करने के लिए सड़क के दोनों तरफ एक-एक नई लेन बनाई जा रही है. इसके बाद सेक्टर जीटा-1 स्थित एटीएस गोलचक्कर से 130 मीटर चौड़ी सड़क पर बने मकौड़ा गोलचक्कर तक भी सड़क चौड़ी करने की योजना है. इससे इस पूरे कॉरिडोर पर वाहनों की आवाजाही ज्यादा सुगम हो सकेगी और प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव बांटने में मदद मिलेगी.
आने वाले वर्षों में और बढ़ेगा ट्रैफिक
ग्रेटर नोएडा के सीईओ रवि कुमार एनजी ने कहा कि शहर की जिन सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव अधिक है, उन्हें चौड़ा किया जा रहा है. एयरपोर्ट के शुरू होने से वाहनों का दबाव बढ़ा है और आने वाले वर्षों में इसमें और इजाफा होने की संभावना है. इसी को ध्यान में रखते हुए 130 मीटर चौड़ी सड़क से जुड़ने वाली प्रमुख सड़कों को चौड़ा करने की योजना बनाई गई है. परियोजना विभाग ने इस पर काम शुरू कर दिया है.
इन सड़कों को भी किया जाएगा चौड़ा
- एलजी गोलचक्कर से रामपुर सेक्टर बीटा-1 गोलचक्कर तक
- नॉलेज पार्क स्थित नासा पार्किंग से शारदा गोलचक्कर तक
- गलगोटिया अंडरपास से नासा पार्किंग तक
- ग्रेटर नोएडा वेस्ट में राइज पुलिस चौकी से जलपुरा तक
यह भी पढ़ें- कूड़े से क्लीन सिटी तक का मिशन, 50 शहरों में चलेगा PRAGATI-50, हर दो महीने होगी मंत्री की समीक्षा
इन सड़कों के चौड़ीकरण से शहर के अलग-अलग हिस्सों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर करने और बढ़ते ट्रैफिक को संभालने में मदद मिलने की उम्मीद है.


